कांट थाना क्षेत्र में वारदात से सनसनी, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लिया
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने उनके सिर, कंधे और गले पर कई वार किए। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गौतम मौर्य जलालाबाद रोड स्थित नहर कोठी के पास साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते थे। शुक्रवार रात दुकान बंद करने के बाद उन्हें कथित तौर पर चार युवक दिलावपुर चौराहे से अपने साथ ले गए। रात करीब 10 बजे खेत के पास उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया गया।
हमले के दौरान गौतम की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम को अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के लिए एसपी सिटी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।
घटना के बाद आरोपी समीर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हत्या अकेले करने का दावा करता दिखाई दे रहा है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियातन इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक गौतम मौर्य अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। परिजनों का आरोप है कि समीर ने पहले फोन कर गौतम को बुलाया और सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।