बरेली सिटी-बमियाना रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, सीबीगंज ट्रेन सेट डिपो में अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को पुरस्कार
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रविवार को प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार के साथ बरेली सिटी-बमियाना रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ओएचई, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, समपार और पुलों का जायजा लिया। निरीक्षण के अवसर पर इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार और संबंधित शाखाधिकारी मौजूद रहे। रेलखंड के निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने सीबीगंज स्थित ट्रेन सेट डिपो का दौरा किया। यहां उन्होंने इंजीनियरिंग स्किल प्लान, हैवी रिपेयर शेड और लाइट रिपेयर शेड का अवलोकन किया। इसके अलावा स्टोर रूम, लॉकर रूम, टूल रूम, महिला कक्ष और अग्निशामक यंत्रों की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
ट्रेन सेट डिपो में अनुरक्षण व्यवस्था की समीक्षा

जीएम उदय बोरवणकर ने पिट लाइन पर मेमू रैक की कार्यप्रणाली और अनुरक्षण व्यवस्था को बारीकी से देखा।उन्होंने रेलकर्मियों से संवाद कर ट्रेन सेट की कार्यप्रणाली और रखरखाव प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। जीएम ने डिपो में रेलकर्मियों द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों और नवाचारों की सराहना की। उत्कृष्ट कार्य करने वाले संबंधित रेलकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने 30 हजार रुपये का प्रशंसा पुरस्कार प्रदान किया। महाप्रबंधक ने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार का उपयोग करते हुए अनुरक्षण कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ट्रेन सेट डिपो परिसर में महाप्रबंधक ने वृक्षारोपण भी किया। यह कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के पदाधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके बाद महाप्रबंधक ने सीबीगंज स्थित रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेलवे आवासों के बेहतर रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा गया।
इज्जतनगर रेलवे चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण

निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी कक्ष, सर्जिकल आईसीयू, लेबर रूम, लिनेन एवं औषधि भंडार, पुरुष एवं महिला वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, बाल एवं महिला चिकित्सा वार्ड, स्पेशल वार्ड, पंजीकरण कक्ष, ओपीडी ब्लॉक और रैन बसेरे का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान मंडल के संबंधित शाखाधिकारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर Cleanliness Target Units (CTUs) और Garbage Vulnerable Points (GVPs) की समयबद्ध पहचान, सफाई, कायाकल्प और स्थायी रूप से स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में विशेष कार्य किया गया।
कई विभागों ने समन्वित रूप से लिया हिस्सा

स्वच्छता अभियान में इंजीनियरिंग,चिकित्सा,विद्युत, कैरिज एवं वैगन, ईएनएचएम, वाणिज्य, परिचालन, रेलवे सुरक्षा बल तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों ने समन्वित रूप से सहभागिता की। इस दौरान रेलवे स्टेशन संपर्क मार्गों, रेलवे यार्ड, रेलवे कॉलोनियों और रेलवे क्षेत्राधिकार में आने वाले ट्रैक के किनारे स्थित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। चिन्हित गंदे स्थानों की सफाई के साथ सौंदर्यीकरण और स्थायी उपयोग की दिशा में कार्य किया गया। अभियान के तहत रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर उनके कायाकल्प पर जोर दिया गया।
