बरेली : यूपी के बरेली शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित गौकशी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गिरोह का सरगना वसीम अहमद निकला, जो न सिर्फ खुद बल्कि अपनी मां, पत्नी, बहन और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर गौवध के अवैध धंधे में शामिल था। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वसीम सहित 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, और गिरोह की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी वसीम अहमद (गैंग लीडर), हुमा समीर कुरैशी (पत्नी), फूलबानो (मां), सना (बहन), फईम अहमद (भाई), फय्याज रहमान (काजी टोला निवासी), रिजवान उर्फ पिन्ना (सूफी टोला), कासिम उर्फ शानू (कसाई टोला) इन सभी पर पहले से गौकशी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी, और पाक्सो जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं। वसीम पर अकेले 12 से अधिक गंभीर मुकदमे लंबित हैं।
जानें कैसे हुआ गिरोह का खुलासा
11 अप्रैल को कटरा चांद खां में वसीम के घर गौकशी की सूचना पर छापेमारी की गई। यहां से कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। इसके बाद बारादरी पुलिस ने पूरी गैंग पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया।
क्या बोले इंस्पेक्टर
बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडे ने मीडिया को बताया कि, “यह गिरोह सिर्फ गौकशी ही नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाएं भड़काने और इलाके में दहशत फैलाने में भी लिप्त था। अब पूरे नेटवर्क की संपत्तियों की जांच कर जब्ती की कार्रवाई होगी।”
