बरेली : पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और लोगों के बीच बरेली परिक्षेत्र के जनपद जैसे बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर,और पीलीभीत आदि में “ड्रोन उड़ने” या “संदिग्ध उड़ती वस्तु” दिखने की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। इन अफवाहों ने न सिर्फ लोगों में भ्रम फैलाया है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। इन हालात को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने जनपदवासियों से संयम बरतने और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। इसके साथ ही एसएसपी अनुराग आर्य ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
DIG बरेली की अपील, क्या न करें, क्या करें?
उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं पर यकीन न करें। अब तक ड्रोन उड़ने का कोई भी पुष्ट प्रमाण पुलिस को नहीं मिला है। सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि कोई संदेश न फैलाएं, अफवाह फैलाने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत 112 या नजदीकी थाने पर सूचना दें। ड्रोन का वैध उपयोग, खेती या शैक्षणिक उद्देश्यों हेतु मानकों के अनुसार ड्रोन प्रयोग वैध है। इससे भयभीत न हों।
पुलिस ने क्या कदम उठाए?
सभी थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। फोरेंसिक, साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल निगरानी कर रहे हैं। ग्राम समिति और डिजिटल वॉलंटियर्स को अफवाहों के खंडन के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध कंटेंट को ट्रैक कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जनता से अपील की है कि “सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक संवाद, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ाने के लिए करें। डर या भ्रम फैलाने के लिए नहीं।”
