बरेली : यूपी के बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा की एक वीभत्स तस्वीर सामने आई है। थाना क्षेत्र के मगरासा में बुधवार रात गर्भवती महिला सुमन (25 वर्ष) की उसके ही पति ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार ने “The justice Hindi” को बताया कि मृतक के पति सोमपाल शराब के नशे में घर आया, और किसी बात पर पत्नी से झगड़ने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि उसने गर्भवती सुमन की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। जिसके चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीम बना दी गई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को दी। इसके थाना प्रभारी रविंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की गहन जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
गांव में मातम, पुलिस का सख्त एक्शन का वायदा
गांव में गहरा सन्नाटा और गुस्सा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। उसे जल्द ही पकड़कर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
