बरेली: यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक युवक को कथित तौर पर बुलाकर बंधक बनाने, उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने और फिर पत्नी से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में पति को सकुशल बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।इस बीच एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
फोन आने के बाद घर से निकले, फिर नहीं लौटे
नवाबगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला यासीन नगर ईद जागीर निवासी माजदा बेगम पत्नी मोहम्मद जहूर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 4 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे उनके पति मोहम्मद जहूर के पास एक फोन आया। तहरीर के अनुसार, फोन करने वाले ने कहा कि वह उनके मोबाइल में एक हजार रुपये डाल रहा है और उन्हें जल्द इलाहाबाद पहुंचना है। माजदा बेगम के मुताबिक, वह यह नहीं जानतीं कि फोन करने वाला व्यक्ति उनके पति का परिचित था या नहीं। इसके बाद मोहम्मद जहूर घर से यह कहकर निकले कि वह दो-तीन दिन में वापस लौट आएंगे, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटे।
पत्नी का आरोप- वायरल वीडियो में पति के साथ मारपीट

पति के घर से जाने के बाद परिवार को एक वीडियो के बारे में जानकारी मिली। उसने मामले को और गंभीर बना दिया। पीड़िता का कहना है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें तीन-चार लोग उनके पति को बंधक बनाकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उनके पति के साथ जूते, बेल्ट और डंडों से मारपीट की, जबकि गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। वीडियो सामने आने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है और पीड़िता ने इसे अपने पति के साथ हुई घटना से जोड़ते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पति के मोबाइल से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप
माजदा बेगम ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके घर पर कॉल कर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। उनका कहना है कि फोन उनके पति के मोबाइल से ही किया गया और कॉल करने वालों ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो उनके पति को जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लगातार दबाव बनाया और परिवार को भयभीत किया। ऐसे में मामला केवल मारपीट तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि अब कथित बंधक बनाने, धमकी देने और फिरौती मांगने जैसे गंभीर आरोप भी इससे जुड़ गए हैं।
तहरीर में भदोही के एक व्यक्ति पर शक

पीड़िता ने तहरीर में यह भी कहा है कि उन्हें सुनने में आया है कि इस पूरे मामले में ‘तिवारी’ नाम के एक व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जो थाना कारौना, तहसील ज्ञानपुर, जिला भदोही का रहने वाला बताया गया है। तहरीर में एक मोबाइल नंबर का भी ज़िक्र किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि उसके पति को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, इस मामले में अधिक जानकारी और पुलिस का पक्ष जानने के लिए SHO नवाबगंज और CO नवाबगंज से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका। अभी इस पूरे मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
