दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बिलसोनिया स्कूल के पास हादसा, कंटेनर में रखे सिलेंडर से गैस लीक होने पर फैली दहशत, पेट्रोल पंप और टैक्सी स्टैंड के पास बढ़ा खतरा
मुरादाबाद : मुरादाबाद के पाकबड़ा क्षेत्र में रविवार को दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरे एक कंटेनर में गैस रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। बिलसोनिया स्कूल के पास एक अन्य वाहन की टक्कर के बाद कंटेनर में रखे एक सिलेंडर से तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस आसपास के इलाके में फैलने लगी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
गैस रिसाव की सूचना फैलते ही आसपास के लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। वहीं हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और दोनों ओर यातायात प्रभावित हो गया।
घटनास्थल के पास घनी आबादी होने के साथ-साथ सीएनजी वाहनों का टैक्सी स्टैंड भी संचालित है। वहीं हाईवे के दूसरी ओर भारत पेट्रोल पंप स्थित है। ऐसे संवेदनशील इलाके में गैस रिसाव की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी।
स्थानीय दुकानदार नाजिम ने बताया कि गैस का रिसाव काफी देर तक जारी रहा, लेकिन मौके पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखाई दिए। लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस और प्रशासन की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे हादसे को लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहा।