बरेली : आमजन को त्वरित और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बरेली जिला प्रशासन ने नई पहल की है।गुरुवार को डीएम अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित हेल्थ एटीएम का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य जनसुनवाई के लिए प्रतिदिन कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों को मौके पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है। शुभारंभ के दौरान डीएम ने कहा कि जनसुनवाई में बड़ी संख्या में दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याएं लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचते हैं।
ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन की जांच

ऐसे में कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में हेल्थ एटीएम स्थापित कराया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत अपनी स्वास्थ्य जांच करा सकें। हेल्थ एटीएम के जरिए नागरिक ब्लड प्रेशर (BP), ब्लड शुगर, ऑक्सीजन स्तर (SpO₂), पल्स रेट, शरीर का तापमान, वजन और बॉडी मास इंडेक्स (BMI) समेत कई जरूरी स्वास्थ्य मानकों की जांच आसानी से करा सकेंगे। इसके अलावा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हेल्थ एटीएम पर एक लैब टेक्नीशियन भी मौजूद रहेगा, जो जांच प्रक्रिया में लोगों की सहायता करेगा।
समस्या समाधान के साथ स्वास्थ्य का ध्यान
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल लोगों की समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना है। हेल्थ एटीएम जैसी सुविधा आमजन को बिना अतिरिक्त परेशानी के प्राथमिक स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराएगी और जरूरत पड़ने पर समय रहते उपचार की दिशा में भी मददगार साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
