सपा प्रमुख ने अयोध्या चढ़ावा विवाद, छात्र आंदोलन, पेपर लीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना, पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि
बदायूं/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को बदायूं दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी और केंद्र व प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या में मंदिर के चढ़ावे और ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं, छात्र आंदोलन, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर सरकार को घेरा। साथ ही पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव के निधन पर उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात की।अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र-नौजवानों की ताकत के सामने सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन के दबाव में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार संसद में जवाब दे। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज, पैलेट गन और बर्बरता का इस्तेमाल किया गया।
अयोध्या चढ़ावा विवाद को लेकर BJP पर हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या में मंदिर के चढ़ावे और ट्रस्ट से जुड़े कथित घोटाले के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दान-पात्र, गुप्त दान, जमीन खरीद-फरोख्त और ट्रस्ट के धन के इस्तेमाल में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।उन्होंने इसे “महापाप” बताते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हजारों स्कूल बंद कर दिए और युवाओं के रोजगार के अवसर कम किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ होगी तो NEET जैसी परीक्षाएं भी निष्पक्ष होंगी।
PDA और सामाजिक न्याय का मुद्दा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही है और उन्हें विश्वास है कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज मिलकर भविष्य में सरकार बनाएगा। उन्होंने भाजपा पर संत रविदास और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का पालन नहीं करने का आरोप भी लगाया।
स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर भी घेरा
उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत ऐसी हो गई है कि “स्वास्थ्य विभाग का खुद इलाज कराने की जरूरत पड़ गई है।” कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने नशे के कारोबार और अपराध को लेकर सरकार पर निशाना साधा। एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और अन्य
नीतिगत फैसलों पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने संघर्ष के बल पर राजनीति में अपनी पहचान बनाई और हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे। उन्होंने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान सांसद आदित्य यादव समेत तमाम विधायक, पूर्व विधायक और पदाधिकारी मौजूद थे।।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
