क्रेडिट कार्ड की ‘स्कीम हटाने’ का झांसा देकर मोबाइल कराया हैक, SBI YONO और कार्ड से पांच-पांच ट्रांजैक्शन कर की ठगी, बारादरी थाने में FIR दर्ज
बरेली : साइबर ठग अब लोगों को फोन कॉल के जरिए झांसे में लेकर उनके मोबाइल में संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करा रहे हैं और इसके बाद बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से रकम साफ कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति से करीब 1.87 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक प्रतिनिधि बनकर किया फोन
सनराइज कॉलोनी, थाना बारादरी निवासी आशीष कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 जुलाई 2026 को उनके मोबाइल पर 8789869821 और 7062175637 नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट और डेबिट कार्ड से संबंधित जानकारी दी।
‘स्कीम हटाने’ के नाम पर कराया APK डाउनलोड
आरोपी ने पीड़ित से कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड पर एक विशेष स्कीम सक्रिय है। जिसे तुरंत नहीं हटाया गया, तो हर महीने बड़ी रकम कटती रहेगी। ठग की बातों में आकर पीड़ित ने उसके कहने पर मोबाइल में एक संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद आरोपी ने उनसे SBI Card और YONO ऐप भी खुलवाए।
खाते और क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 1.87 लाख रुपये
APK फाइल डाउनलोड होने के बाद साइबर ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और कुछ ही देर में बैंक खाते तथा क्रेडिट कार्ड से कई ट्रांजैक्शन कर दिए। पुलिस के अनुसार बैंक खाते से ₹7,198-₹7,198 की पांच ट्रांजैक्शन के जरिए कुल ₹35,990 निकाले गए। वहीं क्रेडिट कार्ड से ₹3,599, ₹39,700, ₹38,850, ₹42,997.15 और ₹25,978.45 की पांच ट्रांजैक्शन कर कुल ₹1,51,124.60 निकाल लिए गए। इस तरह कुल ₹1,87,114.60 की ठगी हुई।
कार्ड और UPI तुरंत कराया ब्लॉक
लेनदेन की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक के टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर अपना क्रेडिट कार्ड, YONO ऐप और UPI ID ब्लॉक कराई। इसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को तहरीर दी।
FIR दर्ज, जांच शुरू
पीड़ित की शिकायत पर 29 जुलाई 2026 को थाना बारादरी में FIR संख्या 0991/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
