दरगाह आला हज़रत में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 247 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 73 की ईसीजी और 46 की शुगर जांच,5 अगस्त तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
बरेली : 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को दरगाह आला हज़रत परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें 247 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं शाम को उर्स की तैयारियों की समीक्षा बैठक में सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने साफ निर्देश दिए कि दुनिया भर से आने वाले जायरीन दरगाह के मेहमान हैं और उनकी मेज़बानी व सुविधाओं में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। दरगाह आला हज़रत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के मुताबिक सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सरपरस्ती में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घघाटन रज़ा मस्जिद के इमाम मुफ्ती ज़ईम रज़ा ने दुआ के साथ किया। शिविर में 247 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
73 लोगों की निशुल्क ईसीजी
इनमें 73 लोगों की निशुल्क ईसीजी और 46 लोगों की शुगर जांच की गई। जांच के दौरान जिन लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आईं। उन्हें चिकित्सकों ने आवश्यक दवाइयों के साथ खानपान और दिनचर्या संबंधी सलाह भी दी। शिविर में श्री गंगा चरण आर्यवर्धन अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. शकील अहमद, फिजिशियन डॉ. मोहम्मद अकीक और डॉ. रियाज़ अहमद ने मरीजों का परीक्षण किया। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में उपनीत झा, अमित शंखधार, जावेद खान, शाहिद नूरी, परवेज़ नूरी, मुजाहिद बेग, अश्मीर रज़ा और मंज़ूर रज़ा समेत कई लोगों ने सहयोग किया।
सज्जादानशीन ने की उर्स की तैयारियों की समीक्षा
गुरुवार शाम को दरगाह सरपरस्त मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती तथा सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की अध्यक्षता में उर्स की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न समितियों और वालंटियर्स के साथ तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि “दुनिया भर से आने वाले जायरीन हमारे मेहमान हैं। उनकी मेज़बानी और सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। 5 अगस्त तक सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।”
लंगर कमेटियों और स्वयंसेवकों ने दिए सुझाव
बैठक में लंगर कमेटियों और स्वयंसेवकों ने भी अपने सुझाव दिए। इस दौरान मुफ्ती अकिल रज़वी, मुफ्ती सलीम नूरी, मुफ्ती सैय्यद कफील हाशमी, मुफ्ती अय्यूब नूरी, औरंगजेब नूरी, अजमल नूरी, ताहिर अल्वी, इशरत नूरी, हाजी अब्बास नूरी और अब्दुल माजिद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे। दरगाह प्रशासन का कहना है कि 108वें उर्स-ए-रज़वी में आने वाले जायरीन की सुविधा, स्वास्थ्य, लंगर और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी की जा रही हैं।
