कक्षा 9, 10, 11 और 12 के छात्रों का समय पर पंजीकरण कराना होगा, लापरवाही पर प्रधानाचार्य होंगे जिम्मेदार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने सत्र 2026-27 के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा आवेदन तथा कक्षा 9 एवं 11 के अग्रिम पंजीकरण की निर्धारित तिथियों में किसी भी प्रकार का विस्तार न करने का निर्णय लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र पांडेय ने स्पष्ट किया है कि सभी सरकारी और निजी विद्यालय समय पर विद्यार्थियों का आवेदन और पंजीकरण सुनिश्चित करें।
डीआईओएस देवेंद्र पांडेय ने बताया कि बोर्ड की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी छात्र का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी छात्र का फॉर्म समय पर नहीं भराया जाता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी।
जो अभ्यर्थी नौकरी करते हुए यूपी बोर्ड की हाईस्कूल या इंटरमीडिएट परीक्षा देना चाहते हैं, उनके लिए लखनऊ में 10 राजकीय विद्यालयों को आवेदन केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से ही आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
छात्र एवं विद्यालय यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in के माध्यम से आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। बोर्ड ने सभी विद्यालयों से समय सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।