सीएम ग्रिड योजना के तीसरे चरण में ईंट पजाया चौराहे से श्यामगंज पुल होकर महर्षि कश्यप चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का होगा कायाकल्प, दोनों ओर बनेंगे पक्के फुटपाथ, भूमिगत होंगे नाले और बिजली की लाइनें
बरेली : शहर की प्रमुख सड़कों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना (सीएम ग्रिड) के तीसरे चरण में अब ईंट पजाया चौराहे से श्यामगंज पुल होते हुए स्टेडियम रोड स्थित महर्षि कश्यप चौक तक सड़क का कायाकल्प किया जाएगा। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग को विकसित करने पर लगभग 31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य की तैयारियों के तहत नगर निगम ने सड़क के बीच बने डिवाइडर हटाने और उन पर लगी फैंसी लाइटों को सुरक्षित उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।परियोजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराया जाएगा।
सड़क के दोनों ओर बनेंगे फुटपाथ
इस स्कीम के तहत सड़क के दोनों ओर पक्के फुटपाथ बनाए जाएंगे। जिससे पैदल राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिल सके।इसके अलावा सड़क किनारे बने नालों और बिजली की लाइनों को भूमिगत करने की योजना है। मार्ग पर होने वाले अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार कराया जा सके।
रोड से हटाए जाएंगे डिवाइडर
निर्माण कार्य में बाधा न आए। इसके लिए मौजूदा डिवाइडर हटाए जाएंगे। डिवाइडर पर लगी फैंसी लाइटों को भी सुरक्षित उतारकर व्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम की ओर से निर्माण शुरू होने से पहले जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में परेशानी न हो।पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने मीडिया को बताया कि सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर के प्रमुख मार्गों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। योजना के पहले चरण में मॉडल टाउन की पांच सड़कों का विकास कराया जा रहा है। दूसरे चरण में कोहाड़ापीर से प्रेमनगर धर्मकांटा और कोहाड़ापीर से कुदेशिया फाटक तक करीब 2.4 किलोमीटर सड़क पर काम चल रहा है। अब तीसरे चरण के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
31 करोड़ से विकसित की जाएगी सड़क
करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली इस सड़क के तैयार होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और पैदल चलने वालों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।श्यामगंज पुल से स्टेडियम रोड और महर्षि कश्यप चौक की ओर आने-जाने वाले लोगों को आधुनिक सड़क, व्यवस्थित फुटपाथ और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।
