बदायूं जिले ने भी प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान, बरेली के 25, बदायूं के 15, पीलीभीत और शाहजहांपुर के 12-12 थाने संयुक्त रूप से प्रदेश में रहे नंबर वन,डीआईजी अजय कुमार साहनी करेंगे आईजीआरएस कर्मियों को सम्मानित
बरेली : जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में बरेली पुलिस परिक्षेत्र ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर-2026 की प्रदेश स्तरीय आईजीआरएस (IGRS) रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र ने यह उपलब्धि प्राप्त की है। खास बात यह है कि परिक्षेत्र के चारों जिलों के कुल 64 थानों ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके अलावा बदायूं जिले ने भी जिलेवार रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के निर्देशन में जनशिकायतों के निस्तारण की लगातार समीक्षा की जा रही थी। शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समाधान प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण के आधार पर यह रैंकिंग जारी की गई है।
बदायूं जिला भी प्रदेश में नंबर वन
अक्टूबर महीने की आईजीआरएस रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बदायूं जिले ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही परिक्षेत्र के बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपदों के कुल 64 थानों ने संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनशिकायतों पर पुलिस की जवाबदेही, शिकायतों की नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बरेली के 25 थानों ने हासिल किया पहला स्थान
बरेली जनपद के 25 थानों ने अक्टूबर की आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इनमें अलीगंज,महिला थाना, सुभाषनगर,फतेहगंज पश्चिमी, किला,सीबीगंज,शाही,बारादरी,इज्जतनगर,देवरनियां,क्योलड़िया,भुता, हाफिजगंज, भोजीपुरा, बहेड़ी, मीरगंज, नवाबगंज, आंवला, भमौरा, शीशगढ़, प्रेमनगर, कोतवाली, सिरौली, बिथरी चैनपुर और कैंट थाना शामिल हैं।
बदायूं के 15 थाने भी प्रदेश में अव्वल
बदायूं जनपद के 15 थानों ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इनमें कुंवरगांव, महिला थाना, बिनावर, जरीफनगर, अलापुर, सहसवान, फैजगंज बेहटा, वजीरगंज, मुजरिया, बिल्सी, बिसौली, उसावां, कादरचौक, मूसाझाग और हजरतपुर थाने शामिल हैं।
पीलीभीत के 12 थानों का शानदार प्रदर्शन
पीलीभीत जनपद के 12 थानों ने भी आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया है।इनमें बरखेड़ा, करेली, हजारा, जहानाबाद, सेहरामऊ उत्तरी, घुंघचाई, न्यूरिया, पूरनपुर, गजरौला, सुनगढ़ी, अमरिया और बिलसंडा थाना शामिल हैं।
शाहजहांपुर के 12 थाने भी बने नंबर वन
शाहजहांपुर जनपद के 12 थानों ने भी प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। इनमें महिला थाना, रामचंद्र मिशन, कोतवाली, परौर, अल्हागंज, सेहरामऊ दक्षिणी, मिर्जापुर, सदर बाजार, जैतीपुर, तिलहर, कटरा और खुदागंज थाने शामिल हैं।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले आईजीआरएस कर्मियों को मिलेगा पुरस्कार
इस उपलब्धि में योगदान देने वाले परिक्षेत्र कार्यालय के आईजीआरएस कर्मचारियों को डीआईजी अजय कुमार साहनी की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।वहीं, जिन जनपदों और थानों का आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कार्यों की समीक्षा की जाएगी। डीआईजी ने ऐसे मामलों में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
अक्टूबर की रैंकिंग में मारी बाजी
अक्टूबर की इस रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र का प्रदेश में पहला स्थान और चारों जिलों के 64 थानों की संयुक्त सफलता पुलिस के जनशिकायत निस्तारण अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब पुलिस अधिकारियों के सामने इस प्रदर्शन को आगे भी बनाए रखने की चुनौती होगी।
