गन्ना किसानों के करीब 300 करोड़ रुपये बकाया भुगतान का उठाया मुद्दा, प्रेमनगर से गांधी प्रतिमा तक निकालना चाहते थे पदयात्रा
बरेली : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बरेली में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। मंगलवार को भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत निकाली गई पदयात्रा के बीच समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर जवाबी पदयात्रा निकालने की तैयारी की थी। हालांकि, प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले ही पुलिस ने पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार को उनके आवास से बाहर निकलने से रोक दिया। उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने भाजपा की पदयात्रा के जवाब में गन्ना किसानों के समर्थन में प्रेमनगर से गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालने की घोषणा की थी। उनका कहना था कि एक ओर भाजपा अपनी राजनीतिक उपलब्धियों को लेकर पदयात्रा निकाल रही है, वहीं दूसरी ओर गन्ना किसान अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए परेशान हैं। इसी मुद्दे को लेकर वह किसानों की आवाज उठाना चाहते थे।
शुगर मिलों पर किसानों का 300 करोड़
पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने दावा किया कि नवाबगंज और बहेड़ी की चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का करीब 300 करोड़ रुपये बकाया है। किसानों ने अपनी फसल चीनी मिलों को दे दी, लेकिन लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि किसानों को समय पर भुगतान दिलाने के मामले में सरकार और प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। पूर्व मंत्री की प्रस्तावित पदयात्रा को भाजपा के कार्यक्रम के समानांतर किसानों के मुद्दे पर सियासी जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। भगवत सरन गंगवार का कहना था कि भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए पदयात्रा निकाल रही है, लेकिन गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। किसान अपनी उपज का भुगतान पाने के लिए लगातार इंतजार कर रहे हैं।
चीनी मिलों की मनमानी का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी मिलों की मनमानी और बकाया भुगतान में देरी से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। प्रस्तावित मार्च के जरिए वह किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और बकाया गन्ना मूल्य का जल्द भुगतान कराने की मांग करना चाहते थे।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना, किसानों के भुगतान का उठाया मुद्दा
मीडिया से बातचीत में भगवत सरन गंगवार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों की मेहनत का पैसा समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसान अपनी फसल चीनी मिलों को दे चुके हैं तो उन्हें भुगतान के लिए इंतजार क्यों करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। करीब 300 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान का दावा करते हुए उन्होंने सरकार से किसानों को उनका हक दिलाने की मांग की।
सुबह में ही पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार हाउस अरेस्ट
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी संगठन की ओर से मीडिया को बताया गया कि किसी और को हाउस अरेस्ट नहीं किया गया है। पुलिस ने केवल पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार को हाउस अरेस्ट किया है समाजवादी पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नजरबंद नहीं किया गया है। पूर्व मंत्री को घर से बाहर निकलने से रोके जाने के बाद उनकी प्रस्तावित पदयात्रा नहीं निकल सकी। इस कार्रवाई को लेकर जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
किसानों के उठाते रहेंगे मुद्दे
भगवत सरन गंगवार ने कहा कि गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा वह लगातार उठाते रहेंगे। किसानों को उनकी मेहनत का पूरा पैसा मिलना चाहिए और जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, उनकी आवाज उठाने का सिलसिला जारी रहेगा।
