सेना प्रमुख बोले— नई तकनीक, आत्मनिर्भरता और युद्धक क्षमता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
बरेली : भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को।बरेली स्थित उत्तर भारत (यूबी) एरिया मुख्यालय का दौरा कर सेना की परिचालन तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और बदलती सैन्य चुनौतियों के अनुरूप युद्धक क्षमता बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्हें मौजूदा ऑपरेशनल स्थिति, आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण, स्वदेशी रक्षा नवाचारों तथा सैन्य क्षमताओं को और मजबूत बनाने की योजनाओं की जानकारी दी गई।
भविष्य की हर सुरक्षा चुनौती को सेना तैयार
सेना प्रमुख ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि युद्धक तैयारियां, अत्याधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाना और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप सैन्य आधुनिकीकरण भारतीय सेना की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को भविष्य की हर सुरक्षा चुनौती और किसी भी सैन्य अभियान का प्रभावी एवं निर्णायक ढंग से सामना करने के लिए लगातार तैयार किया जा रहा है।
कड़ी सुरक्षा, कैंट क्षेत्र रहा हाई अलर्ट
सेना प्रमुख के दौरे को लेकर मंगलवार रात से ही बरेली कैंट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, नाकाबंदी और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस ने सेना के साथ समन्वय बनाकर वीआईपी मूवमेंट को सुचारु रूप से संचालित किया। कैंट क्षेत्र में कई स्थानों पर जवानों की तैनाती बढ़ाई गई और खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय रहीं।
पूर्व सैनिकों और सैन्य अधिकारियों से भी संवाद
दौरे के दौरान सेना प्रमुख का सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करने और विशिष्ट कार्य कर रहे पूर्व सैनिकों से संवाद का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था। सुरक्षा कारणों और वीआईपी मूवमेंट के चलते कुछ कार्यक्रमों के समय में बदलाव किया गया।यातायात पुलिस ने सेना द्वारा बताए गए रूटों पर विशेष प्रबंध किए, जिससे आमजन को कम से कम असुविधा हो। सेना प्रमुख का यह दौरा भारतीय सेना की ऑपरेशनल दक्षता, तकनीकी आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा प्रणाली और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बरेली स्थित उत्तर भारत एरिया मुख्यालय में हुई इस समीक्षा के माध्यम से सेना की युद्धक क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
