एसपी चीफ ने कहा- एक भी फर्जी वोट जुड़ने नहीं देंगे, एक भी सही वोट घटने नहीं देंगे, भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के प्रति जनता का लगाव लगातार बढ़ रहा है और 2027 में पीडीए के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम आएंगे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने पीडीए से जुड़े लोगों को पीड़ित, दुखी और अपमानित किया है। अब पीडीए समाज ने अपनी सरकार बनाने और सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संकल्प लिया है। बुधवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि वोट के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों और मोहल्लों में जाकर मतदाताओं से संपर्क करने तथा समाजवादी पार्टी को जिताने की अपील की।
वोटर लिस्ट पर खास नजर, PDA प्रहरियों को निर्देश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कन्नौज ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी के प्रत्येक पीडीए प्रहरी निर्वाचन आयोग की गतिविधियों पर नजर रखें और जरूरी सबूत जुटाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी फर्जी वोट मतदाता सूची में नहीं जुड़ना चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा वोटर लिस्ट में धांधली और फर्जी वोट बनवाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने ईवीएम को लेकर भी जनता के मन में विश्वास की कमी का दावा किया और भाजपा पर निशाना साधते हुए चंडीगढ़ चुनाव का जिक्र किया।
2027 में PDA के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम का दावा
एसपी चीफ ने कहा कि भाजपा ने पीडीए समाज के लोगों को अपमानित और परेशान किया है, जिसका जवाब जनता 2027 के चुनाव में देगी। उन्होंने दावा किया कि अब तक पीडीए ने दूसरों की सरकारें बनवाई हैं, लेकिन इस बार पीडीए समाज अपनी सरकार बनाएगा। अखिलेश ने कहा कि सामाजिक न्याय का राज स्थापित करना, भेदभाव मिटाना और बंधु-राष्ट्र बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पीडीए को एकजुट कर भाजपा को सत्ता से बाहर करना है।
भाजपा सरकार पर स्कूल बंद करने का आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय स्कूल बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर भी निशाना साधा। गोरखपुर के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह गोरखपुर जाते हैं तो ऐसा लगता है जैसे यूरोप आ गए हों। वहीं, उन्होंने अधिकारियों के तबादलों को लेकर तंज कसते हुए कहा। कि गोरखपुर में पीडीए के कार्यक्रम की सफलता के बाद कई अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अब पीडीए में ‘A’ का अर्थ अच्छे अधिकारी भी हो गया है।
मंदिर दर्शन और गंगाजल वाले बयान पर भी घेरा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर दर्शन को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि सच्चा सनातनी कभी किसी के मंदिर जाने पर सवाल नहीं उठाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया था कि केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद प्रभु श्रीराम के मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उन्हें मंदिर आने का निमंत्रण दिया जा रहा था और अब जब वह दर्शन करने जा रहे हैं तो उनके आने पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास का गंगाजल से धुलवाने संबंधी चर्चा पर भी उन्होंने सवाल उठाया और पूछा कि किसी हिंदू व्यक्ति के मंदिर जाने के बाद ऐसा करना किस धर्म में लिखा है?
परिवारवाद के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर भी परिवारवाद को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में 56 विधायक, 13 लोकसभा सांसद, 10 विधान परिषद सदस्य और चार राज्यसभा सांसद परिवारवाद से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने संगठन और नेताओं को देखे।
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बोले- सवाल सीट का नहीं, जीत का
2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पहले दिन से ही लक्ष्य रहा है कि गठबंधन मिलकर चुनाव लड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि सवाल कभी सीटों का नहीं, बल्कि जीत का रहा है। इस बयान को सपा-कांग्रेस गठबंधन की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
छात्रा को लैपटॉप देकर किया सम्मानित
इस बीच अखिलेश यादव ने लखनऊ विश्वविद्यालय की एमए द्वितीय वर्ष की छात्रा आयुषी मिश्रा को लैपटॉप देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव समेत अन्य छात्र नेता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
