बदायूं : बिनावर क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में नानी और आठ साल के नाती की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आजिम उर्फ अजीम महिला की सामान्य बातचीत को गलत इशारा समझ बैठा था। घर में जबरदस्ती करने के प्रयास का विरोध करने पर उसने कथित तौर पर महिला और उनके नाती की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह दिल्ली भाग गया था। एसएसपी अंकिता शर्मा ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
घर में मिले थे नानी और नाती के शव
गांव कान्हा नगला निवासी नियाज बानो के पति की करीब 10 साल पहले मौत हो गई थी। वह ज्यादातर अपने बेटों के पास दिल्ली में रहती थीं। 11 नवंबर को वह दिल्ली से गांव आई थीं। 13 नवंबर को उन्होंने गांव में रहने वाली अपनी बेटी हिना के घर खाना खाया और फिर अपने घर जाने लगीं। बेटी ने उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन नियाज बानो नमाज पढ़ने की बात कहकर घर लौट गईं। वह अपने आठ वर्षीय नाती अफनान को भी साथ ले गई थीं। अगले दिन हिना अपनी मां को चाय देने उनके घर पहुंचीं तो नियाज बानो और अफनान के शव मिले। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। हत्याकांड के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया।
मुस्कराकर बात करने को गलत समझ बैठा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, हिना के घर के सामने रहने वाला आजिम दिल्ली में सिलाई का काम करता था और नशे का आदी था। वह नियाज बानो पर गलत नजर रखता था। पड़ोस में रहने के कारण नियाज उससे सामान्य तौर पर मुस्कराकर बात कर लेती थीं, लेकिन आरोपी उनकी बातचीत को गलत अर्थ में ले बैठा। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को नियाज बानो घर में नूर हसन से कुछ पढ़वा रही थीं। इसी दौरान आजिम वहां पहुंचा तो उन्होंने उसे बाद में आने के लिए कहा। नूर हसन के जाने के बाद आरोपी दोबारा घर पहुंचा और नियाज बानो के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो उनका नाती भी वहां पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने दोनों की हत्या कर दी।
सराफा व्यापारी से पूछताछ के बाद दिल्ली से गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े कई लोगों से पूछताछ की। नियाज बानो जरूरत पड़ने पर एक सराफा व्यापारी के पास जाती थीं, इसलिए पुलिस ने उससे भी जानकारी जुटाई। इसके बाद नूर हसन से पूछताछ की गई। उसने घटना वाले दिन आजिम के घर आने की जानकारी दी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हिना के घर के सामने रहने वाले आजिम उर्फ अजीम पुत्र जाकिर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी दिल्ली भाग गया था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए हत्याकांड की जांच करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
