छोटे लोहिया के मिशन को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प, डिम्पल यादव बोलीं— अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला, छात्रों की आवाज दबा रही सरकार
लखनऊ : समाजवादी चिंतक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती बुधवार को समाजवादी पार्टी ने प्रदेश मुख्यालय सहित पूरे उत्तर प्रदेश में उत्साह के साथ मनाई। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और बाद में पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखे राजनीतिक हमले किए। अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र केवल समाजवादी चिंतक ही नहीं, बल्कि ऐसे नेता थे, जिन्होंने पूरी जिंदगी समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जयंती समारोह जनेश्वर मिश्र पार्क में होना था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम पार्टी कार्यालय में आयोजित करना पड़ा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनेश्वर मिश्र के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
‘PDA में पीड़ित पंडित भी हैं’

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को पीडीए से हार मिलने के बाद वह इसकी नई-नई परिभाषाएं गढ़ रही है। उन्होंने कहा, “PDA में पीड़ित पंडित भी हैं। जितनी पीड़ा भाजपा देगी, PDA उतना ही मजबूत होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों के साथ-साथ अब ब्राह्मण समाज भी अन्याय का सामना कर रहा है।
पेपर लीक और भर्ती पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पेपर लीक की घटनाएं सरकार की विफलता नहीं बल्कि सुनियोजित व्यवस्था का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, “ये पेपर लीक नहीं होते, सरकार पेपर लीक करवाती है, ताकि युवाओं को नौकरी न देनी पड़े। हमारी सरकार ने केवल नौ महीने में 30 हजार से ज्यादा भर्तियां कराई थीं।”
प्रभु श्रीराम के चढ़ावे की चोरी सबसे बड़ा पाप

एसपी चीफ ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के चढ़ावे की चोरी सबसे बड़ा पाप है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार हर विभाग में व्याप्त है और एक्सप्रेसवे निर्माण से लेकर अन्य परियोजनाओं में भी अनियमितताएं हुई हैं।
एक्सप्रेसवे, स्कूल और 2027 चुनाव का जिक्र
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे समाजवादी सरकार की देन है और सत्ता में आने पर बलिया को भी एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि गंगा एक्सप्रेसवे पहली ही बारिश नहीं झेल पाया। इसके साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हजारों स्कूल बंद किए, PDA पाठशालाओं पर एफआईआर दर्ज कराई और शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा, “जब चुनाव होगा तो पता चल जाएगा कि भाजपा के खिलाफ कितना मतदान होने जा रहा है।” इसके साथ ही दावा किया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
डिम्पल यादव बोलीं- अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला, छात्रों की आवाज दबा रही सरकार

सपा की मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव ने बुधवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला कर रही है और छात्र आंदोलन के दौरान सरकार के खिलाफ पोस्ट या रील साझा करने वाले छात्रों के सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जा रहे हैं। डिम्पल यादव ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में इन मुद्दों पर चर्चा चाहता है, लेकिन सरकार जनता से जुड़े सवालों से बच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नारी वंदन बिल पारित होने के बावजूद महिलाओं को मौजूदा संख्या के आधार पर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू नहीं किया गया है।
यूपी विधानसभा में सपा का हंगामा, राम मंदिर चढ़ावा और किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ धरना
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास धरना-प्रदर्शन किया। सपा विधायकों ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, किसानों की समस्याएं, खाद की किल्लत, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लाल टोपी और हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट बढ़ रही है तथा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
