बरेली। मुरादाबाद से शादी समारोह में शामिल होने बरेली आए एक परिवार की खुशियां बुधवार सुबह मातम में बदल गईं। किला पुल के पास कृष्णा पैलेस के बाहर तेज रफ्तार ई-रिक्शा की चपेट में आने से छह वर्षीय दक्ष गोस्वामी की मौत हो गई। हादसे के समय मासूम अपनी मां के साथ सड़क किनारे खड़ा था। बेटे की आंखों के सामने मौत से मां बदहवास हो गई। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शौचालय जाने के लिए माता-पिता के साथ आया था बाहर
मुरादाबाद निवासी गौतम गोस्वामी मंगलवार रात अपनी पत्नी सुमन और छह वर्षीय बेटे दक्ष के साथ चचेरे भाई रामचंद्र की शादी में शामिल होने बरेली आए थे। शादी समारोह किला पुल के पास स्थित कृष्णा पैलेस में आयोजित था। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे दक्ष को शौचालय जाना था। इस पर माता-पिता उसे लेकर पैलेस के बाहर आए। इसी दौरान परिवार के साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मां के सामने ई-रिक्शा की चपेट में आया मासूम
दक्ष अपनी मां के साथ सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज रफ्तार सफेद रंग के ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि ई-रिक्शा ने मासूम को दो बार कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शादी समारोह में मौजूद रिश्तेदार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर पहले जहां शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम छा गया।
चालक हिरासत में, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
हादसे के बाद परिजनों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दक्ष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दक्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता गौतम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से मां सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी में शामिल होने आया परिवार अब अपने मासूम बेटे को खोने के गम में डूबा हुआ है।
