लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान सपा प्रमुख ने कहा- लखनऊ का विकास हमने किया, बीजेपी सिर्फ उद्घाटन कर रही है, 2027 चुनाव में जीत बताई तय
चढ़ावा चोरी पर SIT क्यों, ED-CBI क्यों नहीं?,किसानों, शिक्षा, महंगाई और बीजेपी सरकार के कामकाज पर साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में भारतीय जनता पार्टी और योगी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव, राम मंदिर चढ़ावा विवाद, किसानों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था, महंगाई और प्रदेश के विकास कार्यों को लेकर सरकार को घेरते हुए कई बड़े राजनीतिक दावे किए। अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी सरकार के दौरान लखनऊ और उत्तर प्रदेश में किए गए विकास कार्यों का उद्घाटन आज भी भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया, लखनऊ मेट्रो की शुरुआत की, जनेश्वर मिश्र पार्क बनाया, ग्रीन कवर बढ़ाया और गोमती रिवर फ्रंट जैसी परियोजनाएं शुरू कीं। उनका आरोप था कि वर्तमान सरकार इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें खराब करने में लगी है।
बीजेपी विधायक सीट बदलना चाहते हैं

सपा प्रमुख ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा के कई विधायक अपनी मौजूदा सीट बदलने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा, “हम उन्हें सीट नहीं बदलने देंगे, विधायक बदल देंगे। अगर हिम्मत है, तो भाजपा विधायक उसी सीट से चुनाव लड़ें,समाजवादी पार्टी उन्हें वहीं हराएगी।”
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सरकार को घेरा

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस मामले में केवल एसआईटी जांच कराना कई सवाल खड़े करता है।उनका आरोप था कि यदि ईडी, सीबीआई या आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों से जांच होती, तो स्थिति अलग होती। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर दिल्ली और लखनऊ के बीच सत्ता संघर्ष के कारण जांच का स्वरूप बदला गया। उन्होंने कहा कि “सच्चाई यह है कि चढ़ावा और दान की चोरी के आरोपों से जुड़े लोग जनता के आक्रोश का सामना नहीं कर पा रहे हैं। दुनिया भर के रामभक्त,अयोध्या के संत, उच्च न्यायालय और समाज को इस पूरे मामले का संज्ञान लेना चाहिए।”
किसानों, शिक्षा और महंगाई पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को समय पर खाद और डीएपी नहीं मिल रही है तथा मक्का का उचित मूल्य भी किसानों को नहीं मिल पाया। उन्होंने महंगाई पर चिंता जताते हुए कहा कि आम जनता आर्थिक दबाव झेल रही है। शिक्षा व्यवस्था पर हमला बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि देश में सबसे अधिक इंजीनियरिंग कॉलेज उत्तर प्रदेश में बंद हुए हैं। उन्होंने समाजवादी सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन, लैपटॉप वितरण योजना, एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय और मिड-डे मील व्यवस्था का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं की देशभर में सराहना हुई थी।
इथेनॉल से बढ़ा वाहनों का माइलेज,चीन पर कही ये बात

उन्होंने कहा कि लोगों से लगातार शिकायत मिल रही हैं कि पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण बढ़ने से वाहनों का माइलेज और रखरखाव प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस पर ध्यान देने की मांग की।विदेश नीति के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का हमेशा से मानना रहा है कि चीन से खतरा लगातार बढ़ रहा है और इतिहास इसका गवाह है।
सपा का भाजपा सांसद को अल्टीमेटम, 10 मिनट में पोस्ट हटाएं, नहीं तो FIR
समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भाजपा सांसद की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर कड़ा एतराज जताते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की है। सपा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संबंधित पोस्ट झूठी है और इससे पीडीए समाज को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने भाजपा सांसद को 10 मिनट के भीतर पोस्ट हटाने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही जिन लोगों ने उक्त पोस्ट को साझा किया है, उनसे भी इसे हटाकर सार्वजनिक माफी मांगने की बात कही गई है। बयान में राम मंदिर चढ़ावा विवाद का उल्लेख करते हुए सपा ने आरोप लगाया कि ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ मामले में जनता के आक्रोश के कारण संबंधित लोग जवाब देने से बच रहे हैं। पार्टी ने रामभक्तों, अयोध्या के साधु-संतों, सर्वोच्च न्यायालय, लोकसभा अध्यक्ष और प्रदेश के नागरिकों से मामले का संज्ञान लेने की अपील भी की है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
