सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद खुद को लंदन निवासी बताया, एयरपोर्ट पर फंसने की कहानी सुनाकर 12 हजार रुपये ट्रांसफर कराए, फिर पुलिस अधिकारी बनकर मांगे 50 हजार
बरेली : शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की एक युवती साइबर ठगों के जाल में फंस गई। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद ठग ने खुद को लंदन में रहने वाला भारतीय बताया और युवती से शादी करने का वादा किया। उसने भरोसा दिलाया कि वह भारत आकर उससे शादी करेगा, और फिर उसे अपने साथ लंदन ले जाएगा। ठग की बातों में आकर युवती उस पर विश्वास करने लगी।कुछ दिन बाद आरोपी ने युवती को फोन कर बताया कि वह भारत आ चुका है, लेकिन हवाई अड्डे पर किसी औपचारिकता के कारण फंस गया है। उसने तत्काल पैसों की जरूरत बताकर युवती से 12 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस अफसर बनकर किया फोन
इसके बाद ठग के एक अन्य साथी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर युवती से संपर्क किया और मामले को निपटाने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की। इस पर युवती को शक हुआ और उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है। युवती ने बिथरी चैनपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान, और उनके बैंक खातों तथा मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटा रही है।
जानें क्या दी पुलिस ने सलाह
पुलिस ने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचने की सलाह दी। शादी, नौकरी या विदेश भेजने जैसे झांसों में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें।आधार, पैन, बैंक खाते और OTP जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग हमेशा सक्रिय रखें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें।cybercrime.gov.in पर तत्काल ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
