हरदोई/लखनऊ : यूपी के जनपद हरदोई में स्थित मेडिकल कॉलेज की बदहाल हालत ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ICU जैसे जीवनरक्षक वार्डों तक में बिजली न होने की खबरों से आम लोग ही नहीं, राजनीतिक गलियारे तक गर्म हैं। बीमार मरीजों से ज्यादा परेशान इस बार तीमारदार नज़र आए, जो हाथ में पंखा लिए ‘गर्मी- घुटन’ से बेहाल होकर खुद बीमार हो गए। कहने को तो मेडिकल कॉलेज की बिजली के लिए अलग लाइन है, लेकिन वहां बत्ती नहीं, सिर्फ अंधेरा है। ICU में वेंटिलेटर बंद, फैन बंद, और प्रशासन भी बंदी जैसा। कई घंटे तक बिजली नहीं आने पर अस्पताल प्रबंधन और ऊर्जा विभाग में एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना, वीडियो जारी कर पूछा – “बिजली गई, या सरकार का होश?”
इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए लिखा है कि”जिस जनपद से स्वास्थ्य मंत्री हैं, वहाँ मेडिकल कॉलेज में ICU तक में बिजली नहीं है… ये है भाजपा सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था! जनता गर्मी से बेहाल है और मंत्री जी टिकट की दौड़ में मशगूल हैं।”वीडियो में मरीजों और तीमारदारों की हालत को दिखाया गया है, जहाँ हाथों से हवा करते लोगों की पीड़ा साफ झलक रही है।
मोहरे बिछे हैं, ‘शह’ का इंतज़ार – लेकिन इंजन अब भी फेल!
इसको लेकर सपा प्रमुख ने तंज कसा है। हालांकि, प्रदेश की सियासत में यह चर्चा भी ज़ोर पकड़ रही है कि मंत्री जी अब सिर्फ स्वास्थ्य विभाग नहीं, बल्कि उपमुख्यमंत्री की रेस में भी दौड़ रहे हैं। लेकिन जब सवाल विभागीय ज़िम्मेदारी का आता है, तो वह गायब दिखते हैं। अब तो सत्ता के गलियारों में यह भी कहा जाने लगा है। “डिब्बे तो खूब बढ़ा दिए हैं, लेकिन इंजन अब भी फेल पड़ा है।” उन्होंने कहा कि जनता पूछ रही है – “अगर अपने जिले में ये हाल है, तो बाकी जगह क्या हो रहा होगा?” क्या योग दिवस मनाने भर से स्वास्थ्य व्यवस्था ठीक हो जाएगी?
