बलिया/लखनऊ: यूपी के बलिया जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। बलिया -बैरिया मार्ग पर गायघाट डाक बंगला के सामने तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे तीनों सवारों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मरने वालों की पहचान गोपाल राजभर (28 वर्ष) और अशोक राजभर (48 वर्ष) (निवासी: बांसडीह) के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान रविंद्र उर्फ रवि (35 वर्ष) के रूप में हुई, जो नवहीं गांव का निवासी था।
जानें कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक बाइक से हल्दी की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। गोपाल और अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। रविंद्र गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में गाजीपुर के पास उसने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों में आक्रोश देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने डंपर व बाइक को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
