रामपुर/बरेली : यूपी के रामपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिसने सामाजिक मर्यादाओं और पारिवारिक रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। अजीमनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने जब अपने पति को अपनी छोटी बहन के साथ संदिग्ध हालत में देखा, तो उसने न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि बहन का हाथ पति को पकड़ाकर मायके लौट गई।
जानें क्या है मामला?
मुरसैना चौकी क्षेत्र के युवक की शादी खौद चौकी क्षेत्र की युवती से एक साल पहले हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद पति का अपनी साली से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। दोनों का रिश्ता धीरे-धीरे गहराता गया लेकिन किसी को भनक नहीं लगी।
पत्नी ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ा
दो दिन पहले पत्नी ने अपनी बहन को पति के साथ संदिग्ध स्थिति में देख लिया। पूछताछ में साली ने साफ कहा कि”मैं जीजू से मोहब्बत करती हूं और उनके बिना नहीं रह सकती।”यह सुनते ही घर में हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। पत्नी ने बहन का हाथ पकड़कर पति के सामने रखा और कहा कि “लो, अब यही चाहिए तो इसी के साथ रहो।” इसके बाद वह मायके चली गई।
“मैं बालिग हूं और खुद फैसला ले सकती हूं”: साली का बयान
जब मामला पुलिस तक पहुंचा, तो दोनों परिवार थाने पहुंचे। पुलिस द्वारा गांव में दबिश दी गई, लेकिन आरोपी पति और उसका परिवार गायब हो चुका था। घर में मौजूद साली ने पुलिस को बयान दिया। बोली, “मैं बालिग हूं, जीजा से मोहब्बत करती हूं और उन्हीं के साथ रहना चाहती हूं।”
मामला बना चर्चा का विषय
गांव और सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। एक ओर रिश्तों की मर्यादा पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर कानूनी स्थिति को लेकर चर्चा छिड़ी हुई है। पुलिस अभी जांच में जुटी है और दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश की जा रही है।
