एजेंसी
दिल्ली : अंतरिक्ष में जश्न का दौर शुरू हो चुका है! अब वह दिन दूर नहीं जब अंतरिक्ष यात्री शैंपेन का जाम अंतरिक्ष में भी छलकाते नजर आएंगे। पहली बार अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर एक विशेष रूप से डिजाइन की गई शैंपेन की बोतल का परीक्षण किया गया है। इसका नाम है “Mumm Cordon Rouge Stellar”, जो तकनीक, डिजाइन और सांस्कृतिक प्रतीक का अद्भुत संगम है।
किसने बनाया ?
यह खास बोतल फ्रांस की प्रतिष्ठित शैंपेन निर्माता Maison Mumm और अमेरिकी स्पेस कंपनी Axiom Space के सहयोग से तैयार की गई है। इसका डिजाइन ‘Spade’ एजेंसी ने किया है। जिसके संस्थापक ऑक्टेव डी गॉल हैं, जो मशहूर फ्रांसीसी राष्ट्रपति शार्ल्स डी गॉल के वंशज हैं।
अंतरिक्ष में जश्न, सिर्फ तकनीकी नहीं, मानवीय भी
Axiom Space के अनुसार “हमारा मकसद केवल नई ऊंचाइयों तक पहुंचना नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष को रहने लायक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाना भी है।”Spade के संस्थापक ने कहा कि अंतरिक्ष में डिजाइन करना केवल तकनीकी नहीं, भावनात्मक दूरी को पाटने का भी काम है। Mumm Stellar इसी दिशा में एक अहम कदम है।
बोतल की विशेषताएं
यह बोतल शून्य गुरुत्वाकर्षण (Zero Gravity) को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। इसका ढक्कन और अंदरूनी सिस्टम ऐसा है कि शैंपेन को बिना बिखेरे सर्व किया जा सके। बोतल की बनावट और दबाव नियंत्रण पूरी तरह अंतरिक्ष के अनुकूल है।
अगला कदम,अंतरिक्ष में किचन!
Axiom और Spade अब एक स्पेस किचन पर काम कर रहे हैं, जो Axiom Station (वाणिज्यिक अंतरिक्ष स्टेशन) का हिस्सा होगा। जल्द ही वहां खाना बनाना भी संभव हो सकेगा।
