लखनऊ : वर्तमान परिदृश्य में जहाँ देश सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है, तो वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार से जन संवाद को बढ़ाने और आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने की पुरज़ोर अपील की है। उनका कहना है कि संकट के इस संवेदनशील समय में जनता को राहत देने के लिए सहज संप्रेषण और ज़मीनी कार्रवाई दोनों ही अनिवार्य हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि सरकार को चाहिए कि वह सभी संचार माध्यमों टीवी, रेडियो, डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के ज़रिए जनता से लगातार संवाद बनाए रखे। “सरकार का कर्तव्य है कि वह जनता को सही, स्पष्ट और समयबद्ध सूचना देकर उनकी आशंकाओं और भ्रांतियों का समाधान करे,”।
आपूर्ति सुनिश्चित करें, जमाखोरी पर लगे रोक
सपा प्रमुख ने आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता को प्राथमिकता देने की बात कही है। “सरकार को चाहिए कि वह खाद्य सामग्री, दवाइयाँ, रसोई गैस, पेट्रोल, दूध, सब्जियाँ और अन्य ज़रूरी वस्तुएँ समय से उपलब्ध कराए, ताकि कोई संकट की स्थिति पैदा न हो।”उन्होंने सरकार को चेताया है कि यदि आपूर्ति में बाधा आई तो मुनाफाखोर और जमाखोर इसका फायदा उठाएंगे और जनता के बीच अनावश्यक घबराहट फैल जाएगी। इस स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय और जवाबदेह बनाना होगा।
मुनाफाखोरी पर सख़्त कार्रवाई की मांग
पार्टी ने स्पष्ट रूप से कहा कि “जनता के संकट का फायदा उठाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रशासन को चाहिए कि वह बाजारों पर सतत निगरानी रखे, जमाखोरी करने वालों पर छापे डाले और आवश्यक वस्तुओं की रेट लिस्ट सार्वजनिक रूप से चस्पा करे।”
जनता को भरोसे में लेना ज़रूरी
सपा प्रमुख ने यह भी रेखांकित किया कि सरकार को केवल आदेश नहीं देने चाहिए, बल्कि जनता को भरोसे में लेना चाहिए। संवाद और संवेदनशीलता इस समय की सबसे बड़ी ज़रूरत है। “जब तक सरकार जनता के बीच संवाद और भरोसा कायम नहीं करती, तब तक अफवाहें और भय का माहौल बना रहेगा, जिसका नुकसान सीधे-सीधे आम आदमी को उठाना पड़ता है।”सरकार हर 12 घंटे में जन संवाद जारी करे, प्रेस ब्रीफ़िंग या सार्वजनिक संदेश के माध्यम से, ज़रूरी उपभोक्ता वस्तुओं की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करे, जमाखोरी और कालाबाज़ारी पर प्रशासनिक सख़्ती लाए, सभी जिलों में निगरानी समितियाँ गठित करे, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अफवाहों का खंडन तुरंत करना चाहिए।
