नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों पर दिल्ली में हुए प्रदर्शन का वीडियो साझा कर भाजपा पर साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरने को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदर्शन का वीडियो साझा करते हुए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला।अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा,”गुरूरमंद हुक्मरानों तक पहुँचे ये आवाज़, सुनो दरवाज़े पर खटखटा रहा है बदलाव। दरारें पड़ गईं क़िलों में, दरक रही बुनियाद, अब नौजवानों ने भी कर दिया है इंक़लाब।”इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि देश में विभिन्न समस्याओं और कथित साजिशों का समाधान केवल सतही कार्रवाई से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या की जड़ पर प्रहार नहीं किया जाएगा, तब तक वास्तविक आजादी, तरक्की और इंसाफ नहीं मिल पाएगा। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “ज़हरीली साज़िशों से तब तक न निजात मिल पाएगी, जब तक केवल शाख पर उंगली उठाई जाएगी। असली आज़ादी, तरक्क़ी और इंसाफ तब मिलेगा, जब इस गुनाह का असली तना और ज़मीन के अंदर गहरी छुपी दीमकी जड़ उखाड़ी जाएगी।” अखिलेश यादव ने पोस्ट के अंत में “एक देश-एक आवाज़ मतलब इंक़लाब” लिखते हुए हैशटैग #BJP_बनाम_CJP का भी इस्तेमाल किया।
जंतर-मंतर पर CJP के बैनर तले हजारों छात्रों और युवाओं का प्रदर्शन
दरअसल शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के बैनर तले हजारों छात्रों और युवाओं ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक, सीबीएसई मूल्यांकन विवाद और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई। आंदोलन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया।
अखिलेश ने कहा- यूपी में महा-जंगलराज…
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मथुरा में थाने की हवालात का ताला तोड़कर एक व्यक्ति को ले जाने से जुड़े वायरल वीडियो को साझा करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “असफल मुख्यमंत्री काल में महा-जंगलराज” और प्रदेश में अवैध खनन, कब्जा, हत्या, डकैती तथा बलात्कार जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने पोस्ट में #असफल_मुख्यमंत्री_उप्र हैशटैग का भी इस्तेमाल किया। सपा प्रमुख का यह बयान मथुरा के वायरल वीडियो को लेकर आया है, जिस पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। हालांकि मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई तथा आधिकारिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार है।
स्वामी अविमुक्तेश्वर के वीडियो को शेयर कर अखिलेश यादव का सांकेतिक संदेश, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने स्वामी अविमुक्तेश्वर सरस्वती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सांकेतिक अंदाज में एक कविता पोस्ट की है। वीडियो में स्वामी अविमुक्तेश्वर सरस्वती भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के नीचे खड़े दिखाई दे रहे हैं।अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “त्रेता स्वयं को दोहराएगा, द्वापर भी लौट के आएगा, कलयुग को ये भ्रम रहे न, वो आया है तो न जाएगा।” सपा प्रमुख के इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थक इसे धर्म, न्याय और परिवर्तन से जोड़कर देख रहे हैं।
हर मोर्चे पर सरकार फेल,2027 में जनता देगी जवाब
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और सरकार विकास के बजाय भेदभाव व नफरत की राजनीति कर रही है। सपा द्वारा जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दे लगातार बढ़े हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर, पेपर लीक, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और किसानों की आय जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
यूपी की जनता 2027 में देगी जवाब
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार 2027 के विधानसभा चुनाव में हार के डर से घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और संगठन में बैठे भाजपा नेताओं की भाषा असंसदीय होती जा रही है और संवैधानिक पदों की गरिमा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के कामकाज को देख रही है और वर्ष 2027 में भाजपा को उसके कार्यों का जवाब मिलेगा। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
