पीलीभीत : अमरिया थाना क्षेत्र के हरहरपुर धुरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गन्ने के खेत में एक 20 वर्षीय युवक का शव सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ। मृतक की पहचान शिवकुमार के रूप में हुई है, जो बीती एक जून से लापता था।
परिजनों के मुताबिक शिवकुमार के लापता होने के बाद उसकी काफी तलाश की गई थी। परिजनों ने उसी दिन अमरिया थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। खोजबीन के दौरान गांव के पास गन्ने के खेत में शिवकुमार का शव पड़ा मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ी-गली अवस्था में था। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही युवक सूरजपाल पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शिवकुमार के खिलाफ 20 मई को सूरजपाल के पोल्ट्री फार्म में आग लगाने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच एक जून को समझौता वार्ता प्रस्तावित थी, लेकिन उसी दिन शिवकुमार अचानक लापता हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नताशा गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
