भमोरा के देवचरा गांव में दर्दनाक हादसा, कक्षा आठ के छात्र की इलाज के दौरान मौत, घर की मसाला चक्की पर काम करते समय हुआ हादसा
बरेली: यूपी के बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के देवचरा गांव में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। घर में लगी मसाला चक्की के पट्टे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए आशीष उर्फ आधार मौर्य की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, आशीष उर्फ आधार मौर्य कक्षा आठ का छात्र था। उसके परिवार के घर में ही मसाला चक्की और सेलर संचालित होता है, जिससे परिवार की आजीविका चलती है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे बिजली आने पर आशीष के बड़े भाई प्रशांत ने मसाला चक्की चालू की थी।
चक्की का पट्टा बदलने को बोला भाई से
ग्राहकों का मसाला पीसने के दौरान उसने आशीष से चक्की का पट्टा बदलने को कहा। इसी दौरान अचानक आशीष चक्की के घूमते हुए पट्टे की चपेट में आ गया।हादसा इतना भयावह था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।परिवार के लोग तत्काल उसे इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई की आंखों के सामने हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा आशीष के बड़े भाई प्रशांत के सामने हुआ। कुछ ही क्षणों में खुशहाल माहौल मातम में बदल गया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार का सबसे छोटा और लाड़ला था आशीष
मृतक आशीष परिवार का सबसे छोटा सदस्य था और सभी का बेहद लाड़ला था। वह पढ़ाई में भी अच्छा माना जाता था। उसकी बड़ी बहन किरन की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई प्रशांत परिवार के कारोबार में हाथ बंटाता है। बेटे की मौत से मां विमला देवी गहरे सदमे में हैं।
गांव में शोक की लहर
हादसे की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया। आशीष की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रोजमर्रा का काम इतना बड़ा हादसा बन जाएगा। यह दर्दनाक घटना मशीनों के संचालन के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी के खतरों को भी उजागर करती है। एक पल की चूक ने परिवार से उसका चिराग छीन लिया।
