एसआरएमएस क्रिकेट ग्राउंड पर दिन भर चला रोमांच, शिखर दयाल और हारिश खान बने सितारे
बरेली: यूपी के बरेली में डीजी इंफ्रा ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित बरेली कॉर्पोरेट लीग (BCL) में शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें गंगा पॉली कैब और आरसीसी की टीमें विजयी रहीं। मुकाबले बरेली के श्रीराम मूर्ति स्मारक क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए। यहां खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहला मुकाबला गंगा पॉली कैब बनाम बियर कैफे के बीच
पहले मैच में बियर कैफे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 166 रन बनाए। टीम की ओर से शुभम कौशिक ने 47 रन और सुमित श्रीवास्तव ने 32 रन की शानदार पारी खेली। गंगा पॉली कैब की ओर से नवनीत सक्सेना और प्रदीप पंडित ने 2-2 विकेट लिए जबकि शिखर दयाल ने 1 विकेट झटका। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए गंगा पॉली कैब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 16 ओवरों में 6 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। आकाश प्रधान ने 43 रन, राजकुमार और रोहित चौहान ने 31-31 रन और शिखर दयाल ने 21 रन बनाए। बियर कैफे की ओर से सुमित श्रीवास्तव ने 2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच: शिखर दयाल
दूसरा मुकाबला आरसीसी बनाम प्रो स्ट्राइकर्स के बीच
प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में प्रो स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। आरसीसी ने पहले बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 169 रन बनाए। टीम के लिए सुमित सोनकर ने 46 रन और दीपक ठाकुर ने 31 रन जोड़े। प्रो स्ट्राइकर्स की ओर से मोहित ने 3 विकेट और प्रसून ने 2 विकेट लिए। जवाब में प्रो स्ट्राइकर्स की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और निर्धारित 20 ओवर में 153 रन ही बना सकी। आशुतोष ने 58 और पारस कौशिक ने 45 रन बनाए। आरसीसी की ओर से हारिश खान ने 3 और फरमान ने 2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच: हारिश खान
मैच में मौजूद रहे विशिष्टजन
मैच के दौरान SRMS ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति, अभिषेक वर्मा, आर्यन इंडस्ट्रीज के मालिक अंकित सिंह, शशांक रस्तोगी, रियाज़ अफरीदी, शुभम कौशिक, अतुल यादव, जारिया कलेक्शन के मालिक ज़हीर उद्दीन और आरिफ हुसैन जैसे गणमान्यजन भी उपस्थित रहे। मैच के अंपायर संदीप पाल और पिंटू सिंह थे जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी अनूप गुप्ता ने निभाई। कल यानी रविवार को पहला मुकाबला ईलाइट इलेवन बनाम किंग्सलेयर और दूसरा मुकाबला जारिया कलेक्शन बनाम प्रो स्ट्राइकर्स के बीच खेला जाएगा।
![]()
