बरेली : यूपी के बरेली में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्या ने थाना भमौरा पहुंचकर समाधान दिवस में भाग लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने देखा शिकायत रजिस्टर

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान रजिस्टर का निरीक्षण भी किया और निर्देश दिए कि हर शिकायत के निस्तारण की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान दिवस की अधिक से अधिक जानकारी आमजन तक पहुंचे। इसके लिए प्रत्येक आयोजन दिवस पर थाने के बाहर एक बैनर लगवाना अनिवार्य किया जाए। उन्होंने राजस्व विभाग और पुलिस को निर्देशित किया कि सरकारी और निजी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को तत्काल हटाने के लिए अभियान चलाया जाए।
भूमि विवाद, राजस्व व जनहित से जुड़ी समस्याएं आईं सामने

थाना समाधान दिवस में विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व संबंधित शिकायतें, तथा जनहित की अन्य समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि हर शिकायत का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए ताकि जनता में विश्वास बना रहे।
पुलिस को सौहार्द बनाए रखने के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्या ने मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखने के लिए सजगता व सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के हर अवसर को गंभीरता से लिया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आंवला नहेने राम, थानाध्यक्ष भमौरा सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
