बरेली : यूपी के बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना में दो किशोरों की रेलवे लाइन पार करते समय रेल इंजन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब दोनों किशोर ट्रैक पार कर रहे थे और अचानक तेज़ रफ्तार से गुजर रहे इंजन की चपेट में आ गए। इस हादसे ने न केवल दो मासूम जिंदगियों को छीन लिया, बल्कि इलाके में शोक और रोष का माहौल भी पैदा कर दिया है।
दोनों मृतक थे दोस्त
मृतक पंकज (12 वर्ष), पुत्र ओमवीर, निवासी करमपुर चौधरी और आदित्य (14 वर्ष), पुत्र ऋषिदेव, निवासी गायत्री नगर दोनों किशोर आपस में मित्र थे और प्रतिदिन की तरह सुबह अपने घरों से निकले थे। इज्जतनगर रेलवे ट्रैक को पार करते समय एक तेज़ रफ्तार इंजन की चपेट में आ गए। इंजन चालक को दोनों के ट्रैक पर होने का आभास तब हुआ जब बहुत देर हो चुकी थी। ब्रेक लगाने का समय तक नहीं मिल पाया, और हादसा हो गया।
पुलिस ने शव लिए कब्जे में
इस घटना की सूचना मिलते ही इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों किशोरों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इज्जतनगर थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर किशोर ट्रैक पर क्यों गए थे।
परिवारों में मातम और स्थानीय आक्रोश
इस मर्मांतक घटना की सूचना जब किशोरों के घर पहुंची, तो परिवारों में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां न रेलवे फाटक है और न ही अंडरपास। लोगों को हर दिन जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है।
