बरेली : फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग को बरेली में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इंडो बॉडी बिल्डिंग फिटनेस एसोसिएशन (IBFA) ने अपने मंडलीय संगठन का विस्तार किया है। इसी क्रम में अब्दुल अलीम को बरेली मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा बरेली के सिविल लाइन स्थित ग्रेविटी जिम, नियर डीएम कोठी में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह के दौरान की गई। जिसमें प्रदेश स्तर के और स्थानीय पदाधिकारी शामिल हुए।
युवाओं को किया जाएगा जागरूक
समारोह की अध्यक्षता IBFA उत्तर भारत के चेयरमैन अशोक चौधरी ने की। प्रदेश अध्यक्ष नदीम खान ने विस्तार की जानकारी साझा करते हुए कहा, “बरेली क्षेत्र में युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए यह टीम अहम भूमिका निभाएगी।” इसमें अब्दुल अलीम को बरेली मंडल अध्यक्ष, अशोक सिंह को बरेली मंडल कोषाध्यक्ष, ताहिर सकलेनी को जिला बरेली कोषाध्यक्ष, मनमोहन सिंह तनेजा को प्रदेश संयुक्त सचिव, सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की ओर से प्रमाण पत्र, IBFA की ऑफिशियल टाई और लोगो प्रदान कर सम्मानित किया गया। फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया और उन्हें संगठन की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
यह है संगठन का उद्देश्य
सम्मान समारोह में IBFA के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिनमें प्रमुख रूप से एडवोकेट अनुराग शर्मा (प्रदेश कानूनी सलाहकार), आलम सिद्दीकी, राजू कुमार, करण कुमार, सोनू कुमार,जुबैर अहमद, मुहज्जम, विशाल थापा, विक्की, मनी, अभिषेक आदि शामिल रहे। IBFA का उद्देश्य देश भर में बॉडी बिल्डिंग, फिटनेस और हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना है। संगठन युवाओं को प्रशिक्षित करने, प्रतियोगिताओं का आयोजन करने और फिटनेस इंडस्ट्री में रोजगार सृजन के अवसर बढ़ाने पर कार्य करता है।
जानें क्या बोले नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष अब्दुल अलीम
“मैं संगठन के विश्वास के लिए धन्यवाद देता हूं और पूरी टीम के साथ मिलकर बरेली में फिटनेस की संस्कृति को मजबूत करूंगा।
