बरेली/रामपुर: यूपी के रामपुर जिले के मसवासी क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसे में एक वर्षीय मासूम बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबकर मौत हो गई। यह घटना न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को झकझोर देने वाली है। यह हादसा मौलागढ़ गांव का है, जहाँ रहने वाले जलीस पेंटर का काम करते हैं। जलीस अपने परिवार के साथ घर पर आराम कर रहे थे। इस दौरान उनकी एक साल की बेटी अना नींद से जाग गई और अकेले खेलते-खेलते घर में रखी पानी भरी बाल्टी तक पहुँच गई।
खेलते-खेलते गिर गई बाल्टी में
मासूम अना बाल्टी में झांकते हुए अपना संतुलन खो बैठी और उसमें औंधे मुंह गिर गई। बाल्टी का पानी उसके लिए जानलेवा साबित हुआ। बच्ची कई घंटे तक बाल्टी में डूबी रही, लेकिन परिवार को उसकी भनक तक नहीं लगी।
सोते रह गए माता-पिता, जागने पर टूटा दुख का पहाड़
जब काफी बाद अना के माता-पिता की नींद खुली तो घर में बच्ची नहीं दिखी। तलाश के दौरान जब उनकी नजर बाल्टी पर गई तो दिल दहला देने वाला दृश्य सामने था। अना का नन्हा शरीर बाल्टी में औंधे मुंह पड़ा था। जलीस और उनकी पत्नी चीख पड़े। उन्होंने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
गांव में पसरा मातम, पड़ोसी भी हुए भावुक
बच्ची की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस हृदय विदारक घटना से स्तब्ध हैं। पड़ोसियों ने परिवार को सांत्वना देने की कोशिश की, लेकिन मासूम की मौत का दर्द हर किसी की आंखें नम कर गया।
