लखनऊ/हरदोई/मल्लावां : यूपी के हरदोई जिले में एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बाबटमऊ गांव की 24 वर्षीय युवती संगीता की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वह अपनी मां और बहन के साथ घर की छत पर सो रही थी। खास बात यह है कि महज दो दिन बाद उसकी शादी होने वाली थी। जिसकी तैयारियों में पूरा घर व्यस्त था।
छत से खींचकर जीने में ले गया, फिर मारी गोली
परिजनों ने पुलिस को बताया कि घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे की है। बड्डापुरवा, कन्नौज निवासी प्रेमचंद्र नामक युवक अपने चाचा के बेटे के साथ संगीता के घर की छत पर चढ़ आया। मृतका की मां लक्ष्मी ने बताया कि आरोपी ने संगीता को छत से जबरन खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर प्रेमचंद्र के साथी ने उन्हें दबोच लिया, और इसी बीच प्रेमचंद्र ने संगीता को जीने (सीढ़ी वाले हिस्से) में ले जाकर सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं
मृतका संगीता की शादी गुरुवार को तय थी। पूरा परिवार तैयारियों में लगा था, लेकिन इस बर्बर हत्या ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। संगीता डीएलएड प्रथम वर्ष की छात्रा थी और छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी पढ़ाई के साथ-साथ शादी की भी बड़ी उम्मीदें घरवालों को थीं, लेकिन एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने परिवार की खुशियाँ उजाड़ दीं।
घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य दौड़े, लेकिन तब तक प्रेमचंद्र और उसका साथी भाग चुके थे। युवती की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पिता नौरंग ने तुरंत मल्लावां कोतवाली में नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सीओ बिलग्राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। संगीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेज दिया गया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें जारी हैं।
प्रेम एकतरफा, पर जुनून में बदल गई नफरत
पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रेमचंद्र, संगीता से एकतरफा प्रेम करता था। संगीता ने कभी उसे भाव नहीं दिया और अब शादी तय हो गई थी। इसी बात से बौखलाकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
