लखनऊ, जौनपुर, नोएडा से लेकर सहारनपुर तक अपराधियों का राज, भाजपा का ‘जीरो टॉलरेंस’ दावा ज़मीन पर फेल
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। हर दिन हत्याएं, लूट, छेड़छाड़ और हमले हो रहे हैं। भाजपा सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अब ‘जीरो परफॉर्मेंस’ बन चुकी है।
राजधानी तक सुरक्षित नहीं, सड़क पर दौड़ाकर मारी गोली
सपा प्रमुख ने राजधानी लखनऊ के ताजा घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ में लोग दिनदहाड़े गोलियों का शिकार हो रहे हैं। सर्वोदय नगर में एक युवक को सड़क पर दौड़ाकर गोली मार दी गई, तो वहीं पारा इलाके में दबंगों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में घुसकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसी प्रकार मलिहाबाद में एक महिला को घर पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर हमला झेलना पड़ा।
प्रदेशभर में अपराधों की बाढ़
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यूपी में अपराध सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं है, पूरब से पश्चिम तक पूरा प्रदेश अपराध की चपेट में है। जौनपुर (जाफराबाद) पिता और दो बेटों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या नोएडा में पुलिस सिपाही सौरभ देशवाल की दबिश के दौरान अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सहारनपुर में छेड़छाड़ से परेशान दसवीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार प्रदेश की कानून व्यवस्था संभालने में विफल रही है।
महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में महिलाओं और बच्चियों के सम्मान की कोई गारंटी नहीं रह गई है। दो दिन पहले एक मासूम बच्ची को अपनी इज्जत बचाने के लिए ऑटो से कूदना पड़ा। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। छात्राएं छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या तक कर रही हैं।
‘स्थायी डीजीपी नहीं दे सकती, कानून क्या संभालेगी सरकार?’
सपा प्रमुख ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “जब सरकार राज्य को एक स्थायी डीजीपी तक नहीं दे सकती, तो कानून व्यवस्था कैसे संभालेगी? यह कैसी सरकार है जहां चारों ओर अराजकता फैली हुई है?”
जनता भाजपा के जुमलों से थक चुकी है
समाजवादी नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार के खोखले वादों और झूठे दावों से ऊब चुकी है। सड़कों पर डर है, घरों में असुरक्षा है, और सरकार अपनी नाकामी छुपाने में लगी है। मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी और भाजपा शासन को घेरते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज़ को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।
![]()
