आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
लखनऊ/ मेरठ : यूपी के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिसने आमजन में आक्रोश पैदा कर दिया है। अहमद नगर की एक तंग गली में सोमवार को एक युवक ने सरेआम बुर्का पहनी महिला से जबरन छेड़छाड़ की और उसे जबरन किस कर मोपेड से भाग निकला। इस वारदात का वीडियो पास की एक CCTV कैमरा में रिकॉर्ड हो गया और अब यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला एक छोटे बच्चे के साथ सड़क पर पैदल चल रही है, तभी सामने से मोपेड पर सवार एक युवक तेज़ी से आता है और अचानक महिला के पास रुककर उसे जबरन किस करता है और फिर फरार हो जाता है। महिला पूरी तरह घबरा जाती है, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाती है और भागते युवक को पकड़ने की कोशिश भी करती है, पर युवक पहले ही तेजी से निकल जाता है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, मेरठ पुलिस सक्रिय हो गई है।एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि “वीडियो की जांच की जा रही है। इलाके के सभी CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं और मोपेड का नंबर ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
स्थानीय लोगों में रोष, सोशल मीडिया पर नाराज़गी
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों में गुस्सा है। लोग कह रहे हैं कि यह घटना महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। सोशल मीडिया पर भी लोग पूछ रहे हैं। “क्या अब महिलाएं अपने बच्चे के साथ भी सड़क पर सुरक्षित नहीं हैं?”
नारी गरिमा पर सीधा हमला, हो सख्त कार्रवाई
यह मामला केवल छेड़छाड़ नहीं, बल्कि सड़क पर चलते हुए महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला है। अगर ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह दुस्साहस बढ़ता ही जाएगा। IPC की धारा 354 (महिला की गरिमा का हनन), 354A (यौन उत्पीड़न), और 509 (अपमानजनक इशारा या टिप्पणी) के तहत कठोर सज़ा का प्रावधान है। यदि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाता है, तो उस पर इन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
![]()
