पीडीए समीक्षा बैठक में 2027 के लिए समाजवादी रणनीति पर मंथन
बरेली : मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह द्वारा सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए आपत्तिजनक बयान को लेकर सियासत गर्म है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की है। गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी ने बरेली में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि, “भाजपा सरकार के मंत्री का बयान बेहद गंदा और शर्मनाक है। अगर भाजपा में जरा भी नैतिकता बची है तो वह तुरंत विजय शाह को मंत्री पद से हटा दे।”
‘पाकिस्तान को मिला करारा जवाब’, सीजफायर पर सलीम शेरवानी का बयान

मीडिया से बात करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री शेरवानी ने सीजफायर को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, “जंग कभी दीर्घकालिक समाधान नहीं होता। सीजफायर होना जरूरी था। भारत ने पाकिस्तान को साफ संदेश दे दिया है कि आतंकवाद अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग सीजफायर को जल्दबाज़ी और अमेरिका के दबाव का नतीजा बता रहे हैं, लेकिन असल बात यह है कि भारतीय सेना ने अपना काम बखूबी किया है।
पीडीए समीक्षा बैठक: 2027 की तैयारी पर सपा की रणनीति तय

शहर के सिविल लाइंस स्थित मिशन कंपाउंड में सपा जिला कार्यालय पर आयोजित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जनसंवाद कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी ने भाग लिया। बैठक में सपा द्वारा प्रदेश में किए गए जनसंवाद कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। शेरवानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2024 में पीडीए को संगठित करते हुए उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी और देश में तीसरी सबसे बड़ी ताकत के रूप में खुद को स्थापित किया। उन्होंने कहा, “देश में पीडीए वर्ग के खिलाफ षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। उनके आरक्षण, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। ऐसे समय में हमें एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।”
संगठनात्मक मजबूती पर ज़ोर, कार्यकर्ताओं से अपील

बैठक की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने की और संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। शेरवानी ने बरेली जिले में 100% सेक्टरवार पीडीए पंचायतों के सफल आयोजन पर कार्यकर्ताओं की सराहना की और उनसे अपील की कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा सरकार बनाने के लिए जनता को लगातार जागरूक करते रहें।
वर्तमान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कहा, “प्रदेश की भाजपा सरकार दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार काम कर रही है। आए दिन आतंकी घटनाएं बढ़ रही हैं, और जनता अब बदलाव चाहती है।” महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ने जनसंवाद कार्यक्रमों को सफल बनाया है।
इन नेताओं की रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व मंत्री आबिद रजा, विधायक शाहजिल इस्लाम, राष्ट्रीय सचिव ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर, पूर्व विधायक महिलापाल सिंह यादव, पं. आर. के. शर्मा, विजय पाल सिंह, प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, इंजीनियर अनीस अहमद खां, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, असलम खां, गौरव सक्सेना, राजेश अग्रवाल,दिनेश यादव, सूरज यादव, राजेश मौर्य, अमित राज सिंह, नाजिम कुरैशी, रेहान अंसारी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
