राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख बोले- जल्द ही मंडी और अस्पताल का भी उद्घाटन होगा
बरेली/रामपुर : यूपी के रामपुर के केमरी के लोगों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पीलाखार नदी पर बने 212 मीटर लंबे पुल का राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने विधिवत उद्घाटन किया। 1559.36 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह पुल अब केमरी और आस-पास के ग्रामीणों के लिए एक नई राहत लेकर आया है। पुल के उद्घाटन के साथ ही लोगों के चेहरों पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी। यूपी सरकार के मंत्री ने कार्यदायी संस्था के जावेद अली खान की तारीफ की।
समारोह में उमड़ा जनसैलाब, हुआ भव्य स्वागत

गुरुवार को जैसे ही राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख पुल के उद्घाटन के लिए पहुंचे,उनका ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूलों की वर्षा से उनका स्वागत किया गया। ढोल की थाप पर ग्रामीणों को थिरकते देखा गया, जिससे उत्सव का माहौल और भी रंगीन हो गया।
राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
अपने संबोधन में मंत्री ने पुल के निर्माण को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, “पुराना पुल ट्रैफिक की भारी समस्या झेल रहा था, जिससे जाम आम हो गया था। जनता की समस्या को देखते हुए मैंने नया पुल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। समय सीमा के भीतर पुल बनकर तैयार हुआ, इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी का आभारी हूं।”उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए वादों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है, और केमरी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
निर्माण संस्था को भी सराहा

राज्यमंत्री ने समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था एएम बिल्डर्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के एमडी जावेद का भी आभार जताया। कार्यक्रम में अर्चना गंगवार, बीना भारद्वाज, सुरेश गंगवार, रोहताश मौर्य, हेमा रानी, शाहीन अंसारी, परवेज अली, इंद्रजीत यदुवंशी, रजनीश पटेल, खूबचंद्र गुप्ता, रामदेव सौरभ यदुवंशी, नंदकिशोर गंगवार, रामदेव लोधी, सुनील मौर्य, राजेश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
राज्य हज समिति सदस्य बने शाहीन अंसारी को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष क्षण तब आया जब उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य हज समिति के सदस्य बनाए गए शाहीन अंसारी को राज्यमंत्री द्वारा फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया। शाहीन अंसारी ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
जल्द होगा उपमंडी और अस्पताल का उद्घाटन
राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने इस अवसर पर एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि केमरी स्थित उपमंडी और अस्पताल का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है और बहुत जल्द इनका भी उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “मेरी प्राथमिकता है कि क्षेत्र की हर ज़रूरत को समय रहते पूरा किया जाए।”
