कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी को बताया शर्मनाक, भाजपा में गुमशुदा हैं, लेकिन अमेठी में नहीं है कोई असर
लखनऊ/अमेठी : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को अमेठी में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देश की संप्रभुता और सीमाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। पूर्व सीएम ने कहा, “देश के लिए शांति जरूरी है लेकिन संप्रभुता सबसे ऊपर है। भारत के आंतरिक मामलों में किसी विदेशी ताकत का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। यही हमारे संविधान और लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में बार-बार चूक भाजपा सरकार की नाकामी को दर्शाती है। “सीमाएं जितनी सुरक्षित होंगी, देश उतना आगे बढ़ेगा,” उन्होंने कहा और चेतावनी दी कि सरकार को घुसपैठ रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने चाहिए। “भाजपा चूक, फूट और लूट के लिए जानी जाएगी”, अखिलेश यादव ने जोर देते हुए कहा। उन्होंने कहा कि जश्न जीत का होता है, सीज का नहीं, और भाजपा जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी को बताया शर्मनाक
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा मंत्री द्वारा सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी को घोर निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि “यह बयान सिर्फ एक सैन्य अधिकारी का नहीं, देश की हर नारी का अपमान है।” उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का यह नारी विरोधी चेहरा नया नहीं है और इनकी नारी शक्ति वंदन जैसी घोषणाएं सिर्फ दिखावा हैं। उन्होंने बलिया के भाजपा नेता के वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा अब पूरी तरह उजागर हो गया है।
भाजपा में गुमशुदा हैं, अमेठी में नहीं है कोई असर
अमेठी को लेकर एक सवाल के जवाब में पूर्व सीएम ने कहा,“भाजपा अमेठी में गुमशुदा है। जब भाजपा अपने ही नेताओं की सगी नहीं है तो उनके साथ गए दल बदलू और एहसान फरामोश लोगों के लिए कितनी सगी होगी?” उन्होंने दोटूक कहा कि समाजवादी पार्टी से धोखा देने वाले अब दोबारा नहीं जीत सकते।
2027 विधानसभा की जमीन पर तैयारी शुरू
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी ज़मीनी स्तर पर शुरू कर दी है। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार और लूट के आरोप लगाते हुए कहा कि “गोमती रिवर फ्रंट पर लगाए जाने वाले फव्वारे को भाजपा सरकार में चोरी कर लिया गया। ऐसे फव्वारा चोर लोग अब सत्ता में वापस नहीं आएंगे।”
