लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मध्यप्रदेश के एक भाजपा मंत्री के कथित विवादित बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे “महिलाओं और सेना दोनों का अपमान” बताते हुए सोशल मीडिया पर एक कड़ा बयान जारी किया।
“यह सिर्फ एक अधिकारी नहीं, पूरी नारी शक्ति का अपमान” – अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि “मप्र भाजपा के एक मंत्री जी का अति निंदनीय बयान केवल एक उच्च सैन्य महिला अधिकारी ही नहीं, बल्कि देश की हर नारी और सेना का अपमान है। ये महानुभाव सदैव से भाजपाई और उनके संगी-साथियों की ‘नारी विरोधी’ सोच के मुखपत्र रहे हैं।” उन्होंने आगे लिखा कि इसी मंत्री ने कुछ वर्ष पहले एक प्रतिष्ठित अभिनेत्री के काम में भी बाधा डाली थी, जो उनके महिला विरोधी दृष्टिकोण का प्रमाण है।
भाजपा के अभियानों को बताया ‘दिखावा’
सपा प्रमुख ने भाजपा के ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ को भी आड़े हाथों लेते हुए लिखा है कि “भाजपा की ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ जैसी झूठी घोषणाओं का सच ऐसे लोगों के दुष्विचार खोल देते हैं।”उन्होंने यह सवाल उठाया कि क्या भाजपा स्वयं ऐसे मंत्री को हटाएगी या फिर देश की जागरूक महिलाएं और जनता इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।
“गली-मोहल्ले के लायक भी नहीं”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंत्री की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि “ऐसे लोग मंत्री तो क्या, किसी गली-मोहल्ले तक के भी जन प्रतिनिधि नहीं बनने चाहिए।”
