गाजियाबाद/लखनऊ : यूपी के गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब थाने के ठीक सामने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या किसी सुनसान गली में नहीं, बल्कि थाने के दरवाज़े के सामने खुलेआम की गई। हालांकि, गाजियाबाद के पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने वीडियो जारी कर बताया कि कुछ लोगों में झगड़ा हो गया था। इसकी शिकायत करने रवि शर्मा थाने आ रहा था। सड़क के दूसरी ओर आरोपियों ने रोककर बातचीत की। इसी दौरान कहासूनी बढ़ने पर आरोपियों ने रवि शर्मा को गोली मार दी। उसकी अस्पताल में मौत हो गई। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान गांव मिल्क रावली निवासी रवि शर्मा के रूप में हुई है। रवि शर्मा को एक नहीं, चार गोलियां मारी गईं। जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
बुधवार रात लगभग 10 बजे, रवि शर्मा का दिल्ली-मेरठ मार्ग पर रास्ता निकालने को लेकर गांव के ही दो लोगों अजय और मोंटी से विवाद हो गया था। यह बहस पहले गाली-गलौज तक सीमित रही, लेकिन फिर मामला इतना बढ़ा कि आरोपी रवि के घर पहुंचे और मारपीट करने लगे। मारपीट की शिकायत लेकर रवि शर्मा और उनका भाई खुद मुरादनगर थाने पहुंचे। इसी बीच आरोपी अजय और मोंटी भी थाने आ गए। थाने के सामने ही उन्होंने अचानक रवि शर्मा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली लगते ही अफरा तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने एक के बाद एक चार गोलियां चलाईं, जो सीधा रवि शर्मा को जा लगीं। गोली लगने के बाद वह खून से लथपथ होकर ज़मीन पर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।
अस्पताल में मौत, परिजनों का हंगामा
रवि को गंभीर हालत में मोदीनगर स्थित निवोक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी ग्रामीण और एसीपी मसूरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाने के सामने हुई हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटनास्थल पर तनाव, पुलिस बल तैनात
हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। किसी भी संभावित बवाल को देखते हुए मुरादनगर थाने के बाहर और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और तात्कालिक विवाद दोनों ही पहलुओं की जांच की जा रही है। थाने के बाहर CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
