फिरोजाबाद/लखनऊ: यूपी के फिरोजाबाद जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना नारखी क्षेत्र में गर्मी की छुट्टी पर ननिहाल आई आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने हत्या के बाद शव को एक बोरे में बंद कर ईंटों के चट्टे के पीछे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद किया। इस जघन्य अपराध में मुख्य आरोपी कौशल के साथ-साथ उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि परिजनों ने बच्ची के गायब होने की सूचना थाना पुलिस को दी थी। घटना की गंभीरता को देखकर तीन थानों की पुलिस तलाश में जुटी थी। परिजनों ने एक युवक पर शक जाहिर किया था। उससे पूछताछ की। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद किया गया। बच्ची का शव बोरे में बंद था, जो ईंटों की चट्टी से छिपा था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
गर्मी की छुट्टी में आई थी नानी के घर
शाम 7 बजे से मासूम बच्ची लापता थी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बच्ची की उम्र महज आठ साल थी और वह हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी थी। वह 27 मई को गर्मी की छुट्टियों में ननिहाल (नारखी क्षेत्र) आई थी।
चाऊमीन मंगाने के बहाने बुलाया, फिर गला दबाकर मार डाला
जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि बच्ची को इलाके का ही एक युवक कौशल चाऊमीन लाने के लिए पैसे देकर भेजा था। पुलिस ने इस आधार पर ठेलेवालों से पूछताछ की और पुष्टि हुई कि बच्ची चाऊमीन लेने आई थी। शक के आधार पर पुलिस ने कौशल को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने गला दबाकर बच्ची की हत्या करने और शव को छिपाने की बात स्वीकार कर ली।
बोरे में बंद मिला शव
आरोपी कौशल की निशानदेही पर पुलिस उसकी बंद पड़ी झोपड़ीनुमा मकान में पहुंची। ताला तोड़कर अंदर जाने पर, एक कमरे की दीवार के पास ईंटों के चट्टे के पीछे बोरे में बंद बच्ची का शव मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
मुख्य आरोपी कौशल दो महीने पहले ही चोरी के एक मामले में जेल से छूटकर आया था। जानकारी के अनुसार वह नशे का आदी है और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
एसएसपी बोले: बनाईं तीन टीमें, जांच जारी
फिरोजाबाद के एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दुष्कर्म की पुष्टि के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने तीन टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिवार में मचा कोहराम
इस घटना के बाद हाथरस स्थित बच्ची के गांव में कोहराम मचा हुआ है। परिजन बदहवासी की हालत में ननिहाल पहुंचे। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें।
