लखनऊ/ रायबरेली : यूपी के रायबरेली जिले के डलमऊ स्थित रानी शिवाला घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें गहरे पानी में चले जाने के कारण तीन लोगों की डूबकर मृत्यु हो गई। ये सभी मृतक अमेठी जिले के रहने वाले थे और अस्थि विसर्जन की पारिवारिक परंपरा को निभाने के लिए डलमऊ घाट पहुंचे थे। हादसा उस समय हुआ जब पालपुर, थाना जगदीशपुर (जनपद अमेठी) से आए लगभग नौ लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। स्नान के दौरान चंद्र कुमार कौशल (60 वर्ष), बाल चंद्र कौशल (42 वर्ष) और आर्या (17 वर्ष) गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चार लोग गंगा में उतरे थे। जिनमें से एक को किसी तरह बचा लिया गया, लेकिन बाकी तीनों को नहीं बचाया जा सका।
गहराई का नहीं लगा अंदाजा

घाट पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों को गहराई का अंदाजा नहीं था, जैसे ही वे गहरे पानी में गए, उनमें से एक-एक करके सभी डूबने लगे। शोर सुनकर स्थानीय लोग और अन्य श्रद्धालु मदद के लिए दौड़े। तुरंत ही गोताखोरों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
गांव में शोक का माहौल
अमेठी के पालपुर गांव में तीन लोगों की एक साथ मृत्यु की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया है। ग्रामीणों और परिजनों की आंखों में आंसू हैं और लोग बड़ी संख्या में संवेदना व्यक्त करने के लिए पीड़ित परिवारों के घर पहुंच रहे हैं। यह हादसा गंगा घाटों पर सुरक्षा के इंतजामों की गंभीरता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करता है। स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मांग है कि डलमऊ सहित सभी बड़े घाटों पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा रेखाएं, लाइफ जैकेट्स और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य की जाए। इस हादसे के बाद सीएम ने दुख जताया है।
![]()
