लखनऊ/बुलंदशहर : यूपी के बुलंदशहर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी की पहली ही रात दुल्हन घर में रखे कीमती जेवरात और अन्य सामान समेटकर फरार हो गई। यह घटना अहार थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां पीड़ित दिव्यांग युवक ने दलाल के ज़रिए शादी की थी। अहार क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला दिव्यांग युवक कैलाश खेती-बाड़ी कर अपना जीवन यापन करता है। काफी लंबे इंतजार के बाद उसकी शादी एक दलाल की मदद से तय हुई। कैलाश ने दलाल को 1.25 लाख रूपये नकद दिए थे। दलाल ने उसे सुल्तानपुर जिले में एक युवती पूजा से मिलवाया। इसके बाद स्थानीय मंदिर में पूजा-पाठ कर जयमाला संपन्न कराई गई और लड़की को लेकर वापस बुलंदशहर आ गए।
शादी के बाद खुशनुमा माहौल में किया भोजन
कैलाश और पूजा की शादी अवंतिका देवी मंदिर में रिश्तेदारों और परिजनों की मौजूदगी में संपन्न हुई। शादी के बाद सभी ने मिलकर भोजन किया और रात करीब 12 बजे तक सभी लोग सो गए। दुल्हन पूजा भी आंगन में परिजनों के साथ ही सोई थी। मगर, पूजा ने रात में ही घटना को अंजाम दिया।
आधी रात को दिखाई हाथ की सफाई
रात करीब 2 बजे, जब परिवार के कुछ सदस्य उठे, तो देखा कि पूजा अपनी चारपाई पर नहीं थी। आसपास ढूंढा गया, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। थोड़ी देर बाद यह बात सामने आई कि घर में रखे सभी कीमती जेवरात और कुछ अन्य घरेलू सामान गायब हैं। इसके बाद पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। उसकी तलाश की गई। मगर, वह कहीं नहीं मिली।
फुफेरे भाई की मिलीभगत का शक
कैलाश ने पुलिस को बताया कि यह शादी का रिश्ता उसके फुफेरे भाई ने तय कराया था। जिसने सुल्तानपुर के एक दलाल से संपर्क करवाया। दलाल के माध्यम से वे लोग राहुल नाम के व्यक्ति से मिले। उसने पूजा नाम की युवती को शादी के लिए बताया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने थाना अहार में लिखित शिकायती लेटर दिया है। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस पूजा, दलाल और राहुल की तलाश में जुटी है। इस पूरे गिरोह पर शादी के नाम पर ठगी करने और रैकेट चलाने का शक जताया जा रहा है।
![]()
