लगातार बारिश से भूस्खलन, घर और मवेशी दबे, चमोली जिले के सभी स्कूल बंद, प्रशासन अलर्ट पर
देहरादून/लखनऊ : उत्तराखंड में बादल फटने की कई घटनाओं ने तबाही मचाई है। रुद्रप्रयाग जिले के टेंडवाल गांव में मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 18 से 20 लोग लापता बताए जा रहे हैं। चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में भी बादल फटने से पति-पत्नी लापता हो गए हैं,और दो लोग घायल हुए हैं। साथ ही 20 मवेशी मलबे में दब गए। टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव में भी बादल फटा। हालांकि, यहाँ किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन खेतों, पेयजल और बिजली लाइनों को नुकसान पहुँचा है।
प्रशासन अलर्ट, मदद को पहुंची टीम
भारी बारिश को देखते हुए चमोली जिले के सभी ब्लॉकों के स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
घरों में घुसा मलवा
कर्णप्रयाग में मूसलाधार बारिश से कालेश्वर में पहाड़ से आया मलबा घरों में घुस गया। जेसीबी मशीन से मलबा हटाने का काम जारी है।अलकनंदा और पिंडर नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
