प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की औद्योगिक इकाई का किया उद्घाटन, 300 से अधिक महिलाओं की हो चुकी है भर्ती
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मिर्जामुराद के खोचवां में अहमदाबाद, गुजरात की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का लोकार्पण किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात से आठ एकड़ में स्थापित इस संयंत्र से स्थानीय लोगों के साथ पूर्वांचल के हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
खेल परिधान और अंतर्वस्त्रों का होगा उत्पादन
पूर्वांचल में अरविंद लिमिटेड का यह पहला बड़ा विनिर्माण संयंत्र बताया जा रहा है। यहां खेल परिधान, अंतर्वस्त्र और अन्य कपड़ों का उत्पादन किया जाएगा। इस इकाई में जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांडों के उत्पाद बनाए जाएंगे। संयंत्र के शुरू होने से क्षेत्र में कपड़ा और परिधान निर्माण से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
स्थानीय महिलाओं को रोजगार में प्राथमिकता
औद्योगिक इकाई में स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है और उन्हें काम से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ कपड़ा निर्माण क्षेत्र में उनके कौशल को विकसित करना भी है।
कामगार महिलाओं से किया संवाद, कपड़ों की प्रदर्शनी देखी
लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिल के पदाधिकारियों से बातचीत कर वहां तैयार होने वाले कपड़ों और खादी सामग्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ‘अपना हुनर अपनी पहचान’ पहल के तहत काम करने वाली महिलाओं से संवाद किया और उनके काम तथा चुनौतियों के बारे में पूछा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने अरविंद लिमिटेड द्वारा उत्पादित कपड़ों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। अरविंद लिमिटेड की शुरुआत वर्ष 1931 में हुई थी। कंपनी का मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है। यह धागे और कपड़े से लेकर तैयार वस्त्रों तक के निर्माण और कारोबार से जुड़ी है। कंपनी डेनिम, सूती, लिनेन, सादे कपड़े और सूट के लिए कपड़ों के अलावा औद्योगिक उपयोग के विशेष वस्त्र भी बनाती है।
