लोनी नदी में हादसा, स्थानीय लोगों की मदद से एक बच्चा सुरक्षित निकाला
लखनऊ : यूपी के गोसाईगंज क्षेत्र के सलेमपुर के मजरा लोध पुरवा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। नहाने के लिए लोनी नदी में उतरे तीन मासूम तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों की मदद से एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्ची और एक अन्य बच्चे की डूबकर मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब लोध पुरवा निवासी मजदूर गुड्डू खेत में काम कर रहे थे। उनका बेटा विराट (4 वर्ष) खेलते हुए पड़ोसी अंकित की बेटी हिमानी (4 वर्ष) और साजन के बेटे गौरव (4 वर्ष) के साथ नदी किनारे पहुंच गया। तीनों अचानक नहाने के लिए पानी में उतर गए और तेज बहाव में बहने लगे।
बचाने को नदी में लगाई छलांग
शोर सुनकर पास के लोगों और गुड्डू ने नदी में छलांग लगाई और बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि, हिमानी और गौरव की मौत हो गई, जबकि विराट की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार गुरप्रीत सिंह और इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने बरसात के मौसम में नदी और नालों के पास बच्चों को न जाने देने की अपील की है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।
