पुलिस ने आरोपी दादा सरन सिंह को किया गिरफ्तार, यश की मौत से परिवार सदमे में
प्रयागराज/ लखनऊ : यूपी के प्रयागराज (इलाहाबाद) के औद्योगिक क्षेत्र में 11वीं के छात्र पीयूष उर्फ यश की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा कर बताया कि यश की हत्या उसके ही दादा सरन सिंह ने की थी। आरोपी दादा ने तांत्रिक के कहने पर यश को पहले ईंट मारकर घायल किया, फिर कपड़े से मुंह दबाकर मार डाला।इसके बाद आरी और चापड़ से शरीर के छह टुकड़े कर दिए। शव का धड़ औद्योगिक क्षेत्र के एक नाले में फेंका गया, जबकि अन्य अंगों की तलाश जारी है।
परिवार का दर्द
पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के भाई ध्रुव ने कहा”मेरा छोटा लाडला भाई था। उसकी क्या गलती थी, जो उसे इतनी दर्दनाक मौत दी गई?”परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ककहरा घाट पर यश का अंतिम संस्कार किया गया।
जानें हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी दादा सरन सिंह के बेटे और बेटी ने पिछले दो साल में आत्महत्या कर ली थी।इससे वह मानसिक रूप से टूट चुका था और एक कौशाम्बी निवासी तांत्रिक के संपर्क में आया। तांत्रिक ने उसे विश्वास दिलाया कि यश की दादी ने परिवार पर जादू-टोना किया है। इसी शक में उसने यश को मौत के घाट उतार दिया।
जांच और कार्रवाई
पुलिस ने 70 CCTV फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपी तक पहुँची। आरोपी को बरखंडी महादेव मंदिर रोड से गिरफ्तार किया गया। हत्या में प्रयुक्त आरी और चापड़ बरामद किए गए। पुलिस ने तांत्रिक की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं।
